Azamgarh News:एक दिन की डीएम खुशी सिंह की शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई, अपंजीकृत डेंटल क्लिनिक सील

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

एक दिन की डीएम खुशी सिंह की शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई, अपंजीकृत डेंटल क्लिनिक सील

आजमगढ़ जनपद में मिशन शक्ति अभियान के तहत एक दिन की जिलाधिकारी बनीं राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्रा खुशी सिंह की शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को खरियानी बाजार में संचालित अपंजीकृत डेंटल क्लिनिक को सील कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खरियानी निवासी शिवकुमार मौर्य ने कलेक्ट्रेट स्थित जनता दर्शन में क्षेत्र में कथित अवैध क्लीनिक संचालित होने की शिकायत की थी। इस पर एक दिन की डीएम खुशी सिंह ने मामले को मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय भेजते हुए जांच और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा के निर्देश पर डिप्टी सीएमओ एवं निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान के नोडल अधिकारी डॉ. मोहनलाल तथा पटल सहायक धीरेन्द्र शुक्ल की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। निरीक्षण में भवन के एक हिस्से में आयुर्वेदिक पद्धति से संचालित उपचार केंद्र पंजीकृत मिला, जबकि अंदरूनी हिस्से में ‘दांत का अस्पताल’ नाम से चल रहा डेंटल क्लिनिक आवश्यक पंजीकरण के बिना संचालित पाया गया। इसके बाद टीम ने डेंटल क्लिनिक को सील कर दिया।
सीएमओ ने स्पष्ट किया कि जनपद में संचालित सभी निजी चिकित्सा प्रतिष्ठानों के लिए निर्धारित पंजीकरण और वैधानिक नियमों का पालन अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button