Jabalpur news:नायक क्लिनिक पर स्वास्थ्य विभाग का औचक निरीक्षण, दस्तावेज न मिलने पर थमाया नोटिस
Jabalpur News: Health Department conducts surprise inspection at Nayak Clinic, issues notice for missing documents

नायक क्लिनिक पर स्वास्थ्य विभाग का औचक निरीक्षण, दस्तावेज न मिलने पर थमाया नोटिस
स्वास्थ्य विभाग द्वारा क्लिनिकों के औचक निरीक्षण अभियान के तहत ‘नायक क्लिनिक’ पर प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। बीएमओ (पानागर) डॉ. श्रीपति मिश्रा ने बताया कि औचक निरीक्षण के दौरान यह बात सामने आई कि क्लिनिक का संचालन बीएएमएस (BAMS) डॉक्टर रवीन्द्र नायक के नाम से होना दर्ज था, लेकिन मौके पर उपदेश पटेल नामक व्यक्ति मरीजों का इलाज करते हुए पाया गया। जांच टीम द्वारा जब इलाज और संचालन से संबंधित डिग्री व रजिस्ट्रेशन के दस्तावेज मांगे गए, तो मौके पर कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए डॉ. रवीन्द्र नायक और उपदेश पटेल दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। दोनों को तीन दिवस के भीतर अपनी मूल डिग्री और पंजीयन प्रमाण पत्रों के साथ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार यदि निर्धारित समयावधि में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाते हैं, तो क्लिनिक को सील करने के साथ-साथ संबंधित व्यक्तियों पर वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जबलपुर से वाजिद खान की रिपोर्ट



