आजमगढ़:बाइक की टक्कर से घायल मजदूर की मौत, परिवार में मचा कोहराम
Azamgarh: Laborer injured in bike collision dies, family in turmoil
आजमगढ़ 17 अक्टूबर:गंभीरपुर थाना क्षेत्र के लुहसा मुबारकपुर गांव निवासी सड़क दुर्घटना में घायल 47 वर्षीय मजदूर राम पलट गौतम की शुक्रवार की देर शाम मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची गंभीरपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बड़े पुत्र ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।जानकारी के मुताबिक, लुहसा मुबारकपुर गांव निवासी राम पलट गौतम (47) पुत्र फिरनती गौतम 15 अक्टूबर की शाम करीब छह बजे छाऊ ग्रामसभा से मजदूरी करके पैदल अपने घर लौट रहे थे। वह जैसे ही अपने गांव पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीण आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से भी गंभीर स्थिति को देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया गया।परिजन उन्हें घर लेकर आ गए और वाराणसी ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि इसी दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत से पत्नी निर्मला समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक चार पुत्रों के पिता थे और अभी किसी भी पुत्र की शादी नहीं हुई है।मृतक के बड़े पुत्र अमर ने गंभीरपुर थाने में अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ तहरीर दी है। गंभीरपुर पुलिस चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



