जबलपुर:कुत्ते पर कार चढ़ने के बाद बवाल, मारपीट के सीसीटीवी फुटेज आए सामने
विजयनगर में सोनी परिवार पर हमले का आरोप, एफआईआर वापस लेने की धमकी का दावा
जबलपुर। विजयनगर थाना क्षेत्र में कुत्ते के ऊपर कार चढ़ने की घटना के बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामले से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं, जिनके आधार पर घटना की पड़ताल की जा रही है। भरत सोनी और उनकी पत्नी सदाफ सोनी का आरोप है कि उनके 22 वर्षीय बेटे माधव सोनी से दो दिन पहले अनजाने में कार कुत्ते के ऊपर चढ़ गई थी। बेटे को सड़क पर लेटा कुत्ता ईंट जैसा दिखाई दिया था। परिवार का कहना है कि उन्होंने सोसाइटी से माफी मांगते हुए कुत्ते का इलाज कराने की बात भी कही थी, लेकिन अगले दिन चेतना भोसले सहित 30 से 50 लोग उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। भरत सोनी ने आरोप लगाया कि हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई, आठ टांके लगाने पड़े और सिर में क्रैक भी आया है। उन्होंने एमएलसी कराने के साथ विजयनगर थाने में शिकायत दर्ज कराने की बात कही। भरत ने आकाश मिश्रा से पुरानी रंजिश का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि इस घटना को विवाद का रूप देकर उनके साथ मारपीट की गई। वहीं, सदाफ सोनी ने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और आरोप लगाया कि एफआईआर वापस नहीं लेने पर दोबारा हमला करने की धमकी दी जा रही है। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद अब मामले में पुलिस जांच और दोनों पक्षों के आरोप अहम होंगे।
जबलपुर से वाजीद खान की रिपोर्ट



