Jabalpur news:अस्पतालों में डायलिसिस मशीन लगाने पर रोक को लेकर सांसद ने जताई नाराजगी, कानूनी चुनौती देने की दी चेतावनी
Jabalpur News: MP expresses displeasure over ban on installation of dialysis machines in hospitals, threatens legal challenge

जबलपुर:सरकारी अस्पतालों में डायलिसिस मशीन लगाने की अनुमति न मिलने पर सांसद विवेक तन्खा ने गहरा असंतोष और विरोध व्यक्त किया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वे मरीजों की सुविधा के लिए बिना किसी राजनीतिक स्वार्थ के अस्पतालों में डायलिसिस मशीनें स्थापित करवा रहे थे ताकि मरीजों को लंबी प्रतीक्षा और परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सांसद निधि या एनजीओ के माध्यम से जनता की भलाई का कार्य किया जा रहा है, तो राज्य सरकार या संबंधित प्रशासन इसमें बाधा क्यों उत्पन्न कर रहा है।
विवेक तन्खा ने चेतावनी देते हुए कहा कि स्वास्थ्य और जनसेवा के कार्यों में किसी भी प्रकार की राजनीति या रोक-टोक को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों को जनता की मदद करने से रोकने का प्रयास किया, तो वे इस फैसले को अदालत में चुनौती देंगे। उनका स्पष्ट कहना था कि किसी को भी गरीबों और जरूरतमंदों के हित में किए जा रहे अच्छे कार्यों को रोकने का अधिकार नहीं है।
जबलपुर से वाजिद खान की रिपोर्ट



