Azamgarh News:दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस अलर्ट, सीओ सदर ने किया कस्बे का भ्रमण

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस अलर्ट, सीओ सदर ने किया कस्बे का भ्रमण
मूर्ति पंडालों और विसर्जन स्थल का निरीक्षण कर आयोजकों को दिए सख्त निर्देश, अराजक तत्वों पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर
आजमगढ़ जनपद के जहानागंज थाना क्षेत्र में दुर्गा पूजा त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए रविवार की शाम पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। क्षेत्राधिकारी सदर ईश्वर गुर्जर के नेतृत्व में थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ जहानागंज कस्बे में भ्रमण पर निकले। इस दौरान अधिकारियों ने विभिन्न दुर्गा पूजा मूर्ति पंडालों का निरीक्षण किया तथा मूर्ति विसर्जन स्थल का भी जायजा लिया।
भ्रमण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने मूर्ति स्थापित करने वाले आयोजकों एवं संबंधित संगठनों के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए स्पष्ट हिदायत दी कि दुर्गा पूजा प्रेम, भाईचारे और आपसी सौहार्द का त्योहार है। इसे सभी लोग हंसी-खुशी और शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं। किसी भी व्यक्ति को शराब के नशे में पंडाल में पहुंचकर माहौल बिगाड़ने या अराजकता फैलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने आयोजकों से अपील की कि वे अपने-अपने पंडालों में सतर्कता बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या अराजक तत्व की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस टीम को कस्बे के प्रमुख तिराहों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर लगातार भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि दुर्गा पूजा का पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो और श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर सकें।
क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता से आयोजकों को सुरक्षा व्यवस्था के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



