आजमगढ़ में तड़के पुलिस मुठभेड़: पुलिस पर फायरिंग करने वाला अंकित यादव को लगी गोली
Wanted accused injured in police encounter with bullet in leg, arrested
आजमगढ़ 22 अक्टूबर:जीयनपुर थाना क्षेत्र में चौको बाजार में हुए जानलेवा हमले के मामले में वांछित अभियुक्त अंकित यादव पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए जिला अस्पताल, आजमगढ़ भेज दिया। अभियुक्त के कब्जे से .315 बोर का एक अवैध देशी तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर 2026 को रामप्रसाद यादव ने जीयनपुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि पुराने मुकदमे में सुलह न करने की रंजिश को लेकर सत्यम यादव, अंकित यादव समेत 11 नामजद आरोपितों ने उनके और उनके भाई प्रशान्त यादव पर हमला किया था। आरोप है कि दोनों को मोटरसाइकिल से टक्कर मारकर गिराने के बाद लाठी-डंडों से पीटा गया, जिसमें रामप्रसाद यादव गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस मामले में थाना जीयनपुर पर मुकदमा अपराध संख्या 0428/2026 के तहत बीएनएस की धारा 3(5)/109(1) में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस टीम पर फायरिंग के बाद हुई मुठभेड़
पुलिस के मुताबिक, 22 अक्टूबर की सुबह करीब 3:38 बजे जीयनपुर पुलिस अम्मा आईमा मोड़ से धनछुला मार्ग पर पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग और वांछित अभियुक्तों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मामले में वांछित अंकित यादव दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे घेरने का प्रयास किया तो उसने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में नियंत्रित जवाबी फायरिंग की, जिसमें अंकित यादव के बाएं पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा।
आजमगढ़ में रहकर कर रहा था सेना की तैयारी
पुलिस की पूछताछ के अनुसार, घायल अभियुक्त ने बताया कि वह आजमगढ़ शहर में रहकर सेना में भर्ती की तैयारी कर रहा था। 19 अक्टूबर को सत्यम यादव के बुलाने पर वह चौको बाजार पहुंचा था, जहां पुराने मुकदमे में सुलह न करने की रंजिश को लेकर रामप्रसाद यादव और प्रशान्त यादव पर अन्य आरोपितों के साथ हमला किया गया था। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद वह फरार हो गया था और उसके पास अवैध तमंचा व कारतूस थे।पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ और अवैध असलहा बरामदगी के संबंध में सुसंगत धाराओं में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट ने निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह, उपनिरीक्षक जाफर खां और जीयनपुर थाने की पुलिस टीम शामिल रही।



