जबलपुर में सामुदायिक भवनों की सौगात, विधायक लखन घनघोरिया ने किया भूमिपूजन
जबलपुर में सामुदायिक भवनों की सौगात, किलकारी गार्डन में 80 लाख रुपये से होगा निर्माण

जबलपुर में स्थानीय नागरिकों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करने की दिशा में सामुदायिक भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। किलकारी गार्डन में करीब 70 से 80 लाख रुपये की लागत से बहुउपयोगी सामुदायिक भवन बनाया जा रहा है, जिसके निर्माण की शुरुआत 40 लाख रुपये की राशि से की गई है। इस परियोजना में पार्षद गुलाम हुसैन और राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा का सहयोग मिल रहा है। वहीं, ठक्कर ग्राम वार्ड, रविंद्र नाथ टैगोर वार्ड, शास्त्री वार्ड और आसपास के क्षेत्रों में करीब एक करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन का भूमिपूजन कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया ने किया। विधायक लखन घनघोरिया और महापौर के प्रयासों से साकार हो रही इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र के नागरिकों को सामाजिक और मांगलिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इन सामुदायिक भवनों के निर्माण से मजदूर, गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को अपनी बेटियों की शादी सहित अन्य कार्यक्रम कम खर्च में आयोजित करने की सुविधा मिलेगी। साथ ही, पार्किंग जैसी जरूरी व्यवस्थाएं भी उपलब्ध होंगी। किलकारी गार्डन में निर्माणाधीन भवन को गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए लगभग एक साल के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इन भवनों के तैयार होने से क्षेत्रवासियों को निजी मैरिज गार्डन पर अधिक खर्च करने की मजबूरी से राहत मिलने की उम्मीद है।
जबलपुर से वाजीद खान की रिपोर्ट



