Azamgarh News:बिलरियागंज में चेन स्नेचिंग की कोशिश नाकाम, दो महिलाएं गिरफ्तार; एक पर आधा दर्जन मुकदमे दर्ज
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
मोलनापुर मोड़ नहर पुलिया के पास महिला के गले से सोने की चेन छीनने का किया था प्रयास, स्थानीय लोगों की मदद से पकड़ी गईं दोनों आरोपी
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना अंतर्गत मोलनापुर मोड़ स्थित नहर पुलिया के पास एक महिला के गले से सोने की चेन छीनने का प्रयास कर रही दो महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता के शोर मचाने पर स्थानीय नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों महिलाओं को मौके पर ही घेरकर पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पहुंची बिलरियागंज पुलिस ने महिला पुलिसकर्मियों की सहायता से दोनों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, 20 नवंबर 2026 को क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मोलनापुर मोड़ नहर पुलिया के पास दो महिलाओं ने एक महिला के गले से सोने की चेन छीनने का प्रयास किया है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पूछताछ के दौरान उनकी पहचान मीरा पत्नी राजेश निवासी बेलकुंडा, थाना रौनापार और संध्या पत्नी अरुण निवासी काखभार तेंदुआ, थाना बिलरियागंज के रूप में की। दोनों की उम्र क्रमशः करीब 35 और 24 वर्ष बताई गई है।
थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा और उपनिरीक्षक संतोष कुमार पाठक पुलिस बल एवं महिला आरक्षियों के साथ मौके पर पहुंचे थे। पुलिस ने दोनों महिलाओं को 20 नवंबर को शाम करीब 4:30 बजे मोलनापुर मोड़ नहर पुलिया के पास गिरफ्तार किया। मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस द्वारा जारी आपराधिक इतिहास के अनुसार, मीरा के खिलाफ आजमगढ़, मऊ और देवरिया जनपद के विभिन्न थानों में चोरी, लूट और अन्य आपराधिक धाराओं में कुल पांच पूर्व मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। वहीं संध्या के खिलाफ मऊ जनपद के चिरैयाकोट थाने में चोरी और संबंधित धाराओं में एक पूर्व मुकदमा दर्ज है। दोनों के खिलाफ वर्तमान मामले में भी मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक संतोष कुमार पाठक, कांस्टेबल सतपाल सिंह, महिला कांस्टेबल नीलम देवी और रिजर्व महिला कांस्टेबल हर्षिता द्विवेदी शामिल रहीं।



