होली पर्व के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा विभाग का विशेष अभियान जारी । 

 

विनय मिश्र, जिला संवाददाता।

देवरिया।आगामी होली पर्व के अवसर पर खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के उद्देश्य से जनपद में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश लखनऊ के आदेश एवं जिलाधिकारी देवरिया के निर्देश के अनुपालन में यह अभियान संचालित किया जा रहा है।

अभियान के तहत भटनी बाजार में छापेमारी कर विभिन्न निर्माण इकाइयों, रिलेबलर, पैकर, कोल्ड स्टोरेज, भंडारण इकाइयों एवं संबंधित मंडियों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान कुल सात नमूने एकत्र किए गए, जिनमें साबूत हल्दी, खोआ, मसूर दाल, पापड़, काली मिर्च और छेना मिठाई के नमूने शामिल हैं।

अब तक अभियान में कुल 30 नमूने संग्रहित किए जा चुके हैं, जिनमें खोआ, दूध, बेसन, पापड़, पनीर, छेना मिठाई, बर्फी, नमकीन, रंगीन कचरी, दालचीनी, बूंदी दाना, काली मिर्च, किशमिश, जीरा, रस्क, मैदा, साबूत हल्दी और मसूर दाल के नमूने शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त 20 क्विंटल रंगीन कचरी एवं 720 किलोग्राम संदिग्ध बेसन जब्त किया गया है। सभी संग्रहित नमूने राजकीय जन विश्लेषक प्रयोगशाला, उत्तर प्रदेश भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

इस विशेष अभियान की कार्यवाही में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में प्रेमचन्द्र, राम यादव, घनश्याम वर्मा, राजू पाल, मानवेन्द्र कुमार और नेहा त्रिपाठी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button