2024 में भाजपा ने पूर्व पीएम के बेटे नीरज पर जताया भरोसा बीएसपी ने बलिया लोस से लल्लन सिंह यादव को बनाया प्रत्याशी अभी सपा ने नहीं बलिया लोस से नहीं खोला पत्ता
रिपोर्ट:अजीत कुमार सिंह बिट्टू जी
बलिया। लोकसभा चुनाव का बिगुल पूरे देश में बज चुका है। बलिया भी इससे अछूता नहीं है। यहां से भाजपा ने पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर सिंह के लड़के नीरज शेखर को मैदान में उतारा है, तो वहीं सपा ने अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं। बात करें बसपा की तो पार्टी ने यहां लल्लन सिंह यादव को मैदान में उतारा है। बिहार बार्डर पर लगना वाला ये लोकसभा सीट पिछले 17 लोकसभा चुनावों में 10 बार चंद्रशेखर फैमली के कब्जे में रही है।
खुद स्वर्गीय चंद्रशेखर ने इस लोकसभा का 8 बार प्रतिनिधित्व किया है। वहीं नीरज शेखर भी यहां से 2 बार चुनाव जीते हैं।इतिहासकार डॉ. शिवकुमार सिंह कौशिकेय बताते हैं कि 1952 के पहले लोकसभा चुनाव में ही बलिया ने अपना बागी तेवर दिखा दिया था। जब कांग्रेस के प्रत्याशी पं. मदन मोहन मालवीय के सुपुत्र गोविन्द मालवीय को हराकर निर्दलीय प्रत्याशी स्वर्गीय मुरली मनोहर लाल को सांसद बनाया था। दूसरे लोकसभा चुनाव 1957 में कांग्रेस के स्व. राधा मोहन सिंह सांसद बने। तीसरी लोकसभा 1962 के चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में स्वर्गीय मुरली मनोहर लाल दूसरी बार भी सांसद निर्वाचित हुए। 1967 और 1971 चुनाव में कांग्रेस के स्व. चंद्रिका प्रसाद दो बार सांसद बने। आपातकाल के बाद 1977 के चुनाव में स्व. चंद्रशेखर भारतीय लोक दल से पहली बार लोकसभा के लिए चुने गए। इसके बाद 1980 में जनता पार्टी के सांसद बने, लेकिन 1984 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी जगन्नाथ चौधरी ने उन्हें पराजित कर दिया।