प्रेक्षक ने की प्रत्याशियों/प्रतिनिधियों संग बैठक

जिला संवाददाता, विनय मिश्र, देवरिया।
देवरिया, लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण, पारदर्शी,भयमुक्त एवं सकुशल संपन्न करने के लिए 66 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के सामान्य प्रेक्षक टी अब्राहम की अध्यक्षता एवं पुलिस प्रेक्षक सारंग डी अवाड, व्यय प्रेक्षक एम रतन कुमार, जिला निर्वाचन अधिकारी अखंड प्रताप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा की उपस्थिति में चुनाव में प्रतिभाग कर रहे समस्त प्रत्याशियों/प्रतिनिधियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित हुई। बैठक में समस्त प्रत्याशियों को लोकसभा निर्वाचन से जुड़ी बारीकियों से अवगत कराया गया।
सामान्य प्रेक्षक टी अब्राहम ने कहा कि समस्त प्रत्याशी आदर्श आचार संहिता का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें और यदि किसी भी प्रकार की विसंगति या एमसीसी उल्लंघन का प्रकरण किसी प्रत्याशी के संज्ञान में आती है तो उसे तत्काल इलेक्शन कंट्रोल रूम अथवा उन्हें अवगत कराए। व्यय प्रेक्षक एम रतन कुमार ने बताया कि लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए प्रति प्रत्याशी व्यय की अधिकतम सीमा 95 लाख रुपये निर्धारित है। सभी प्रत्याशी निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रारूप पर व्यय लेखा का अंकन करें और उसका मिलान व्यय अनुवीक्षण टीम के साथ करायें। उन्होंने कहा कि प्रत्याशी निर्वाचन के लिए खोले गए विशेष खाते से ही चुनाव से संबंधित खर्च करें। पुलिस प्रेक्षक सारंग डी अवाड ने कहा कि चुनाव के दृष्टिगत क्रिटिकल एवं वल्नरेबल बूथों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। जिला निर्वाचन अधिकारी अखंड प्रताप सिंह ने कहा कि चुनाव को निर्विघ्न एवं शांतिपूर्ण संपन्न करने के लिए सभी प्रत्याशियों का सहयोग आवश्यक है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव श्रीवास्तव ने बताया कि बैठक में मौजूद सभी राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों/ प्रतिनिधियों को आदर्श आचार संहिता के प्रति, मतदेय स्थलों की सूची, वीवीपीएटी रेंडमाइजेशन की प्रति एवं वीवीपीएटी के रोस्टर के प्रति उपलब्ध कराई गई है। इसके अतिरिक्त मतदाताओं की सूची भी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 85 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं तथा दिव्यांग मतदाताओं को घर बैठे पोस्टल बैलेट से वोटिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। देवरिया में ऐसेt 139 मतदाताओं ने पोस्टल बैलेट का विकल्प चुना है। पोलिंग टीम घर जाकर वोट कराएगी। प्रत्याशी बीएलए की नियुक्ति कर सकते हैं, जो पोलिंग टीम के साथ जाकर मतदान की प्रक्रिया को देख सकता है।
मास्टर ट्रेनर निशेष गुप्ता ने सभी प्रत्याशियों को ईवीएम के विषय में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आगामी एक जून को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान होगा। इससे पूर्व एक जून की सुबह साढ़े पांच बजे विभिन्न राजनीतिक दलों के नामित पोलिंग एजेंट की मौजूदगी में मॉक पोल कराया जाता है। बैठक में कांग्रेस से राकेश सिंह, भाजपा से निशि रंजन तिवारी, बसपा से अतुल कुमार, प्रत्याशी रफीक अंसारी, सत्येंद्र कुमार मल्ल, मुक्तिनाथ, अगम स्वरूप, सीआरओ जल राजन चौधरी सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।



