जीआरपी जवानों ने रेलकर्मी की पिटाई की, निलंबित

रिपोर्टर अजीत कुमार सिंह बिट्टू जी ब्यूरो चीफ हिंद एकता टाइम्स
बैरिया। सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार की रात डयूटी पर तैनात रेलकर्मी की जीआरपी के दो जवानों ने पिटाई कर दी। इसकी खबर लगते ही रेलकर्मी कार्रवाई की मांग को लेकर लामबंद हो गए। सहायक स्टेशन मास्टर की शिकायत पर रेल विभाग के आलाधिकारी रात में ही सुरेमनपुर पहुंचे। जांच पड़ताल के बाद दोनों जवानों को निलंबित कर दिया। रेलकर्मी की पिटाई करने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार की रात करीब 12 बजे छपरा से बलिया की तरफ मालगाड़ी जा रही थी। कांटे वाले मनोज कुमार ऑल राइट सिंगल (सिंगनल एक्सचेंज) के लिए प्लेटफार्म नंबर दो पर गए थे। प्लेटफार्म पर तैनात जीआरपी के हेड कांस्टेबल हरिशंकर सिंह व हेड कांस्टेबल हृदेश कुमार का रेलकर्मी मनोज कुमार से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। रेलकर्मी ने बताया की दोनों जवान नशे में थे। बिना किसी कारण पिटाई की। सहायक स्टेशन मास्टर दीपक सिंह बचाने का प्रयास किया लेकिन जवान पीटते रहे।
स्टेशन मास्टर ने शिकायत पंजिका में घटना दर्ज कर उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत कराया। मौके पर आरपीएफ प्रभारी बीके सिंह, जीआरपी प्रभारी सुभाष यादव व ट्रैफिक प्रभारी संजय सिंह, स्टेशन डायरेक्टर छपरा राजेश प्रसाद, स्टेशन इंचार्ज टीएन यादव आदी पहुंचे। जांच पड़ताल के बाद उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। वहीं, इस घटना को लेकर रेलकर्मचारी यूनियन आरोपी जवानों पर कार्रवाई की मांग को लेकर अड़ गए।
मामले की गंभीरता से देखते हुए जीआरपी एसपी गोरखपुर ने तत्काल प्रभाव से दोनों जवानों को निलंबित कर दिया और मामले की जांच सीओ बीके सिंह को सौंप दी। घटना के बाद राजधानी सहित कई ट्रेनों को पास करने में बाधा उत्पन्न हुई। अधिकारियों ने आक्रोशित रेलकर्मियों को किसी तरह समझा बुझाकर ट्रेनों का परिचालन सुचारू कराया। आरपीएफ एसआई जयेंद्र मिश्र ने रेलकर्मी मनोज का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया।
——————-
पूछताछ करने पर रेलकर्मी ने की बदसलूकी
हेड कांस्टेबल हरिशंकर सिंह व हेड कांस्टेबल हृदेश कुमार ने आरोप लगाया कि मनोज कुमार दो नंबर प्लेटफार्म पर बेंच पर कपड़ा खोल कर सोए थे। हमलोग सुरक्षा को लेकर चक्रमण कर रहे थे, अंजान व्यक्ति समझकर जगा कर पूछताछ की। तो वह बदसलूकी करने लगा। उसकी पहचान के लिए स्टेशन मास्टर के पास लेकर गए। वहां पर स्टेशन मास्टर व रेलकर्मी मनोज कुमार ने हम दोनों के साथ मारपीट की। इससे वर्दी की जेब फट गई, सिर में भी चोटें आई है।
————–
सुरेमनपुर स्टेशन पर दोनों पक्षाें से मारपीट हुई है। रेलकर्मी मनोज कुमार को चोट लगी है तो जीआरपी पुलिसकर्मियों को भी सिर में चोटें आई हैं, वर्दी फट गई है। अभी दोनों पक्षों में से किसी भी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। अगर तहरीर मिली तो दोनों पक्षों से एफआईआर लिखी जाएगी। दोनों पुलिस कर्मियों को लिंबित कर दिया गया है, मामले की जांच की जा रही है। – विनोद कुमार, सीओ जीआरपी बलिया गोरखपुर।



