कूड़े में फेंका जा रहा मेडिकल वेस्ट, पालिका ने उठान किया बंद

रिपोर्टर अजीत कुमार सिंह बिट्टू जी ब्यूरो चीफ हिंद एकता टाइम्स
बलिया। जिला अस्पताल में कई दिनों से कूड़ा डंप है। सामान्य कूड़े में मेडिकल वेस्ट फेंके जाने से नगर पालिकाकर्मी कूड़े का उठान नहीं कर रहे हैं। इससे जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों संग स्वास्थ्यकर्मियों को परेशानी होती है।
जिला चिकित्सालय से निकले वाले मेडिकल वेस्ट को गाजीपुर की सिलिकॉन प्राइवेट कंपनी ले जाती है। इमरजेंसी, वार्ड सहित अन्य स्थानों पर प्लास्टिक की तीन रंग की बाल्टी इसके लिए रखी गई है। लेकिन स्वास्थ्यकर्मी, पैरामेडिकल छात्र मरीजों को इंजेक्शन लगाने के बाद जहां-तहां सिरिंज व सर्जिकल सामान फेंक देते हैं। आसपास के निजी अस्पताल व पैथॉलाजी वाले भी यहीं पर मेडिकल वेस्ट फेंकते हैं। सफाई के दौरान सफाईकर्मी मेडिकल वेस्ट की छंटाई न कर उसी तरह सामान्य कूड़े में फेंक देते है।
नगरपालिका कर्मचारी कूड़ा लेजाकर महावीर घाट पर फेंक देते थे। जबसे बसंतपुर में कूड़ा निस्तारण केंद्र पर शहर का कूड़ा जाने लगा है। निस्तारण केंद्र वालों ने सिरिंज व अन्य मेडिकल वेस्ट से गंभीर बीमारी होने के खतरे को देखते हुए अस्पताल के कूड़े को लेने से मना कर दिया है।
नगर पालिका ने सीएमओ व सीएमएस को इसको लेकर नोटिस दिया है। बावजूद सुधार नहीं हो रहा। इसपर अस्पताल परिसर से कूड़ा उठाना बंद कर दिया। स्वास्थ्य विभाग और नगर पालिका दोनों एक-दूसरे पर कूड़ा निस्तारण का भार डाल
सामान्य कचरे को उठाने की जिम्मेदारी नगर पालिका की है। नगर पालिका को कई बार पत्र लिखा गया, लेकिन कचरे का निस्तारण नहीं कर रही है। उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है, जल्द ही उठने की उम्मीद है। -डॉ. सुजीत यादव, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला अस्पताल
जिला अस्पताल में सामान्य कूड़े में बायो मेडिकल वेस्ट फेंका जा रहा है। इसके बंद होने के बाद कूड़ा का उठान होगा। नोटिस के बावजूद सुधार नहीं हो रहा। बसंतपुर कूड़ा निस्तारण केंद्र मेडिकल वेस्ट वाला कूड़ा नहीं लिया जा रहा। – सुभाष कुमार, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद



