हत्यारोपी पत्नी को भी पुलिस ने किया गिरफ्तार
रिपोर्टर अजीत कुमार सिंह बिट्टू जी ब्यूरो चीफ हिंद एकता टाइम्स
जयप्रकाश नगर बलिया। दोकटी थाना क्षेत्र के श्रीपतिपुर गांव में हुई युवक की हत्या में आरोपी पत्नी को भी पुलिस ने नीलम देवी विद्यालय के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से दो मोबाइल भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने पत्नी के प्रेमी को पहले आला कत्ल के साथ गिरफ्तार कर लिया था। पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति तो मौत के घाट उतारा था।
दोकटी थाना क्षेत्र के श्रीपतिपुर गांव निवासी कमलेश बिंद (35) की बृहस्पतिवार की रात में हत्या कर दी गई थी। उसका शव उसके डेरे के पास खेत में औंधे मुंह पड़ा मिला था। पुलिस ने मां की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी। क्षेत्राधिकारी बैरिया उस्मान ने मामले का खुलासा किया था। शनिवार को उन्होंने बताया था कि मृतक की पत्नी कविता का गांव के ही राजेश साहनी (30) पुत्र उधारी साहनी के साथ अवैध संबंध था। कमलेश ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसके बाद कमलेश और राजेश की मारपीट हुई थी। इसमें राजेश ने डंडे से मारकर कमलेश की हत्या कर दी थी। आरोपी राजेश कृष्णागढ़ ढाला होते हुए बिहार भागने की तैयारी में है। शनिवार को ही कृष्णागढ़ ढाला से उसे गिरफ्तार कर लिया गया था। पत्नी कविता की पुलिस तलाश कर रही थी। थानाध्यक्ष दोकटी मदन पटेल ने बताया कि कविता देवी पत्नी स्व. कमलेश बिन्द को नीलम देवी विद्यालय के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।