ट्रेन से गिरकर पत्नी की आंखों के सामने सरयू में डूब गया पति

रिपोर्टर अजीत कुमार सिंह बिट्टू जी ब्यूरो चीफ हिंद एकता टाइम्स
जयप्रकाश नगर बलिया। मांझी रेलपुल पर बुधवार को चेनपुलिंग से खड़ी वाराणसी छपरा पैसेंजर ट्रेन से फिसलकर एक व्यक्ति सरयू नदी में गिर गया। ट्रेन में बैठी पत्नी ने पति को बचाने के लिए छलांग लगाने की कोशिश की, लेकिन सहयात्रियों ने उसे पकड़ लिया। तेज धारा में उसका पति बह गया।
घटना रेलपुल के पाेल नंबर 11 की बताई जा रही है। ट्रेन मांझी हाल्ट पहुंचने के बाद महिला ने मांझी थाना पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। महिला की गुहार पर घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने नाव की सहायता से उसे ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन शव बरामद नहीं किया जा सका। प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए महिला को बैरिया थाना क्षेत्र के चांद दीयर पुलिसचौकी पर भेज दिया गया।
पीड़ित महिला कमला देवी ने बताया कि मंगलवार को वह पति ओम प्रकाश महतो (60) के साथ बलिया जिले के मैरीटार निवासी और अपने बहनोई कन्हैया महतो के घर गई थी। बुधवार की सुबह बांसडीह रोड स्टेशन से वाराणसी छपरा पैसेंजर ट्रेन से वह पति के साथ घर मांझी के मुबारकपुर लौट रही थी। उसने बताया कि कुछ ही दिन पहले ही पति की आंख का ऑपरेशन हुआ था। इस वजह से पति को कम दिखाई देता था। उसने बताया कि शायद मांझी स्टेशन समझकर पति ने ट्रेन से उतरने का प्रयास किया तभी यह दुर्घटना हो गई। ओम प्रकाश बिहार के मांझी थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव निवासी बताया जा रहा।
—
मां की पिटाई से क्षुब्ध किशोरी नदी में कूदी
नरहीं। मां की पिटाई से आक्रोशित एक किशोरी ने निर्माणाधीन पुल से मगई नदी में छलांग लगा दी। हालांकि नदी में पानी कम हाेने से वह बच गई। लेकिन गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उसे सीएचसी पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। नरही थाना के एक गांव निवासी 13 वर्षीय किशोरी का मंगलवार की रात अपनी बहन से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। मां ने दोनों की एक-एक थप्पड़ मार दिया। इससे नाराज होकर रात में एक बेटी गांव के पास मगई नदी पर बन रहे पुल कूद गई।



