आजमगढ़:राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अन्तर्गत लक्ष्य के सापेक्ष शत प्रतिशत आवेदन स्वीकृत करने हेतु संबंधित अधिकारी को दिया निर्देश
Azamgarh: Directed the concerned officer to sanction 100% applications relative to the target under the National Rural Livelihood Mission

Azamgarh:
रिपोर्ट राकेश श्रीवास्तव
सगड़ी आजमगढ़
जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज की अध्यक्षता में कल सायं कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सलाहकार समिति/जिला स्तरीय समीक्षा समिति/जिला स्तरीय आरसेटी सलाहकार समिति की तिमाही बैठक आयोजित की गयी। जिलाधिकारी ने वित्तीय समावेशन योजना के प्रगति की समीक्षा करते हुए समस्त बैंकों के जिला समन्वयक को निर्देशित किया कि सभी पात्र खातों में रूपे कार्ड जारी कर आधार अंकित करें, ताकि सभी ग्राहक सरकारी योजनाओं का लाभ ले सकें। उन्होने कहा कि बैंक मित्रों के माध्यम से हर बैंक अपने ग्राहकों को अपनी सेवायें उपलब्ध करायें। उन्होने कहा कि सभी बैंकों द्वारा बैंक मित्र, आधार बेस्ड पेमेंट सिस्टम, एटीएम आदि सेवाओं में बैंकिंग सेवायें जन-जन तक सुगमता से पहुंचाई जाए।
एलडीएम ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि जिले में कार्यरत समस्त बैंकों एवं बैंक मित्रों के प्रयास से आजमगढ़ जिले में प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अन्तर्गत 1061174, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अन्तर्गत 218156 एवं अटल पेंशन योजना के अन्तर्गत 199926 व्यक्तियों का पंजीकरण किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने समस्त बैंकों को निर्देश दिया कि सामाजिक सुरक्षा की योजनाओं में ज्यादा से ज्यादा पात्र लोगों को लाभान्वित करना सुनिश्चित करें। जिले का ऋण जमानुपात बैंक आफ इण्डिया के मानक से काफी कम होने पर जिलाधिकारी ने सभी बैंक समन्वयकों को निर्देशित किया कि शासकीय योजनाओं में सभी स्वीकृत ऋणों में वितरित सुनिश्चित करें। साथ ही ऋण खाते जिनमें ऋण वितरण अभी पूर्ण या आंशिक रूप से शेष हैं, उनमें वितरण करें, ताकि हमारे जिले के ऋण स्तर में वृद्धि हो सके।
प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी बैंकों के जिला समन्वयकांे को निर्देश दिया कि संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित करते हुए प्राथमिकता के आधार पर सभी लंबित प्रकरणों का निस्तारण करायें एवं पोर्टल पर ससमय अपडेट करें। ओडीओपी की समीक्षा करते हुए उन्होने कहा कि लंबित प्रकरणांे को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करना सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अन्तर्गत प्राप्त आवेदनों के सापेक्ष निस्तारण की प्रगति कम पाये जाने पर जिलाधिकारी ने समस्त बैंको को निर्देश दिया कि लंबित पत्रावलियों को यथाशीघ्र निस्तारित करें। पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा में जिलाधिकारी ने सभी बैंकर्स को निर्देश दिया कि अपने स्तर से समस्त शाखाओं को उचित दिशा निर्देश देने के साथ-साथ लक्ष्य की शत प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करें, साथ ही उद्यमी मित्र पोर्टल पर ससमय अपडेट करते रहें, ताकि हमारे जिले की प्रगति में और सुधार हो सके। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने किसान क्रेडिट कार्ड की समीक्षा करते हुए कहा कि कृषि विभाग एवं मत्स्य पालन में जितने भी किसानों के आवेदन लम्बित हैं, उसको यथाशीघ्र निस्तारित करना सुनिश्चित करें। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के अन्तर्गत विभाग में प्रेषित आवेदन के सापेक्ष स्वीकृति कम पाये जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित बैंकों को निर्देशित किया कि उक्त प्रकरण का निस्तारण जल्द से जल्द करना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अन्तर्गत लक्ष्य के सापेक्ष शत प्रतिशत आवेदन स्वीकृत करने हेतु संबंधित अधिकारी को निर्देश दिया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, अग्रणी जिला प्रबन्धक रिजर्व बैंक आफ इण्डिया, अग्रणी जिला प्रबन्धक यूबीआई सहित संबंधित अधिकारी एवं समस्त बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



