जनपद के समस्त तहसीलों पर आयोजित किया गया संपूर्ण समाधान दिवस 

डीएम व एसपी द्वारा ज्ञानपुर तहसील में सुना गया फरियादियों की शिकायतें व समस्याएं 

 

रिपोर्ट अशरफ संजरी

भदोही। जनपद के समस्त तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। डीएम विशाल सिंह व एसपी डॉ.मीनाक्षी कात्यायन द्वारा तहसील ज्ञानपुर में रहकर फरियादियों की समस्याएं और शिकायतों को सुना गया। जिसमें से कुछ का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

इस दौरान डीएम व एसपी ने आए हुए फरियादियों की शिकायतों को सुनते हुए समयबद्ध, निष्पक्ष व न्यायोचित निस्तारण के लिए संबंधित को कार्रवाई के लिए निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व से संबंधित प्रकरणों में राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर शिकायतों का गुणवत्तापूर्वक निस्तारण निर्धारित समयावधि के अंदर सुनिश्चित किया जाए। भूमि विवाद, चकरोड, अवैध कब्जा आदि की शिकायतों का निस्तारण राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर जाकर निस्तारण करें। कहा कि संबंधित क्षेत्र के कानूनगो व लेखपाल सुनिश्चित करें कि किसी भी हाल में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा न होने पाए। सभी थानाध्यक्षों को असामाजिक तत्वों को चिन्हित करते हुए निरोधात्मक कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए गए। डीएम ने जनसमस्याओं को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रतिदिन जनता दर्शन में आए लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाए तथा स्थलीय निरीक्षण कर समस्या का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। वहीं संपूर्ण समाधान दिवस पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों को अधिकारी गुणवत्तापूर्ण ढंग से एक सप्ताह केे अंदर निस्तारण कराना सुनिश्चित कराएं। ससमय एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण न पाए जाने पर संबंधित अधिकारी व कर्मचारी के विरूद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसी तरह भदोही व औराई तहसील में भी आयोजित किए गए संपूर्ण समाधान दिवस पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा राजस्व कर्मियों की मौजूदगी में कुछ शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराया गया।

Related Articles

Back to top button