Jabalpur news:माढ़ोताल के चर्च में हंगामा, धर्मांतरण के आरोप पर दो पक्ष आमने-सामने
कटंगा के बाद माढ़ोताल में हंगामा, प्रार्थना सभा में घुसने का आरोप

जबलपुर के कटंगा के बाद अब माढोताल स्थित प्रार्थना सभा में हंगामा हुआ। आरोप है कि हिंदू संगठन के कार्यकर्ता शिव शक्ति नगर के पास एक चर्च में पहुंचे और पथराव करते हुए वहां पर मौजूद लोगों के साथ मारपीट कर दी, जिसमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। जानकारी लगते ही माढ़ोताल थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई, हंगामा करने वालों को शांत करवाया। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि प्रार्थना सभा की आड़ में यहां पर धर्मांतरण करने का खेल चल रहा है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि हमारे पूछने पर चर्च के लोगों ने लोहे की राड और हाकी से हमला किया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धर्मांतरण किया जा रहा है
दरअसल रविवार की सुबह करीब 11 बजे हिंदू सेवा परिषद के कार्यकर्ताओं को जानकारी लगी कि शिव शक्ति नगर के पास एक चर्च है, जहां पर कि बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हुए है, इनमें से कुछ हिंदू है, जो कि दूसरे जिले से आए है। सूचना मिलते ही जब चर्च पहुंचे तो देखा कि बड़ी संख्या में बच्चे,महिलाएं और पुरूष है, उनसे सिर्फ इतना ही पूछा था कि यहां पर इतनी भीड़ क्यों है, और कहां के ये लोग है, इतना सुनते ही वो लोग भड़क गए, और प्रार्थना भवन में मौजूद लोगों ने विवाद करते हुए अचानक हमला कर दिया। हिंदू सेवा परिषद के प्रदेश सचिव का कहना है कि इस चर्च में लंबे समय से पैसा,जमीन का लालच देकर भोले-भाले हिंदूओं को धर्मांतरण करवाया जा रहा है। निखिल कनोजिया का कहना है कि मौके पर 100 से अधिक लोग थे, जिसमें कुछ हिंदू और कुछ क्रिश्चन थे। हिंदू लोगों को प्रार्थना करवाकर कनवर्ट करवाया जा रहा था। आरोप है कि पहले यह लोग धर्मांतरण आदिवासी इलाकों मे चलाते थे, और अब शहरों मे यह लोग सक्रिय हो गए है।
प्रार्थनासभा में लगे जय श्रीराम के नारे
हिंदू सेवा परिषद के कार्यकर्ता प्रार्थनासभा में घुसे और जय श्रीराम के नारे लगाए, इसके बाद वहां पर मौजूद लोगों से जैसे ही उनकी बहस हुई तो हंगामा शुरू हो गया। कार्यकर्ताओं ने प्रार्थना सभा में रखी कुर्सियों को उछाला। इसके बाद दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। इसी बीच दोनों तरफ से पथराव भी हुआ। जानकारी लगते ही मौके पर पहुंची माढ़ोताल थाना पुलिस ने हंगामा कर रहे लड़कों को पकड़ा।
यहां आराधना होती है-धर्मांतरण नहीं
चर्च में मौजूद महिला मनीषा पाखरे का कहना है कि यहां पर मानवता का काम किया जाता है, प्रभु की आराधना होती है, ना कि धर्मांतरण। हम सब आपस में भाई-बहन है, यहां पर सालों से मर्जी से लोग आते है, प्रार्थना करते है। उन्होंने कहा कि प्रार्थना चल रही थी, उसी दौरान 15 से 20 लड़के जयश्री राम कहते हुए अंदर आ गए और महिलाओं-बच्चों को मारा गया। मनीषा पाखरे ने कहा कि जब ये लोग पूजा करते है, तो क्या हम इनके स्थल पर जाते है, तो फिर हमारे यहां क्यों आए।
कुछ लड़कों को पकड़ा गया है
शिव शक्ति नगर स्थित चर्च में हंगामे की जानकारी लगते ही माढ़ोताल थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे कुछ लड़को को पकड़कर विवाद की जांच शुरू कर दी है। एसआई विनीता गारोत ने बताया कि कुछ लड़कों को पकड़ा गया है, जो भी पक्ष एफआईआर करवाए, उसको लेकर विधिवत कार्रवाई की जाएगी।
शनिवार को कटंगा में हुआ था हंगामा
इससे पहले शनिवार को कटंगा स्थित चर्च पर भी हंगामा हुआ था, जहां पहुंचे हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने ब्लाइंड बच्चों को जबरन चर्च में ले जाने का आरोप लगाया था। यहां पर भी दोनों पक्ष आपस मे भिड़ गए थे, जिसके बाद मौके पर पहुंची गोरखपुर पुलिस ने विवाद को शांत करवाया।
जबलपुर से वाजिद खान की रिपोर्ट



