Jabalpur news:जबलपुर जीआरपी ने मोबाइल चोर को किया गिरफ्तार, 11 चोरी के फोन बरामद
ट्रेनों में मोबाइल चोरी करने वाला शातिर आरोपी गिरफ्तार, 2.26 लाख की रिकवरी

जबलपुर जीआरपी ने ट्रेनों और रेलवे स्टेशन पर मोबाइल चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 2 लाख 26 हजार रुपये कीमत के 11 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद असलम उर्फ जाहिद (37 वर्ष), निवासी जौनपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। जीआरपी प्रभारी संजीवनी राजपूत ने बताया कि आरोपी को जबलपुर रेलवे स्टेशन क्षेत्र से गुरुवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपीयात्रियों की भीड़ का फायदा उठाकर ट्रेन और प्लेटफॉर्म पर मोबाइल चोरी करता था। पूछताछ के दौरान उसने कई चोरी की घटनाओं को स्वीकार किया है। बरामद किए गए मोबाइल फोन में वीवो, रेडमी, सैमसंग, टेक्नो, पोको सहित विभिन्न कंपनियों के फोन शामिल हैं, जिनमें एक एप्पल आईफोन भी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 317 (2) के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
जबलपुर से वाजिद खान की रिपोर्ट



