Azamgarh news:नो स्मोकिंग डे पर गूंजा “तम्बाकू मुक्त युवा अभियान” का संदेश,युवाओं से अपील, तम्बाकू से दूरी ही स्वस्थ भविष्य की कुंजी
Azamgarh News: The message of the "Tobacco Free Youth Campaign" resonated on No Smoking Day, appealing to the youth that staying away from tobacco is the key to a healthy future.

आजमगढ़ :राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत 11 मार्च को “नो स्मोकिंग डे” के अवसर पर तम्बाकू मुक्त युवा अभियान–3.0 के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन श्री दुर्गा जी नर्सिंग कॉलेज, सेहदा महराजपुर में किया गया। कार्यक्रम में नर्सिंग एवं फार्मेसी के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और तम्बाकू से दूर रहने का संकल्प लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष डिप्टी सीएमओ/नोडल अधिकारी (एनसीडी) तथा नर्सिंग-फार्मेसी कॉलेज प्रबंधक द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया, जिसके पश्चात तम्बाकू मुक्त युवा अभियान के तहत जागरूकता गोष्ठी आयोजित की गई।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएमओ/नोडल अधिकारी (एनसीडी) डॉ. आलेन्द कुमार ने कहा कि तम्बाकू आज समाज के लिए एक गंभीर स्वास्थ्य चुनौती बन चुका है। विशेष रूप से युवाओं में इसके बढ़ते प्रचलन को रोकना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जागरूकता और सामूहिक प्रयासों से ही हम तम्बाकू मुक्त समाज की दिशा में प्रभावी कदम बढ़ा सकते हैं। युवाओं से उन्होंने अपील की कि वे स्वयं तम्बाकू से दूर रहें और अपने परिवार व समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें।मानसिक स्वास्थ्य काउंसलर सौरभ कुमार ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया कि तम्बाकू का सेवन केवल शारीरिक ही नहीं बल्कि मानसिक स्वास्थ्य पर भी गहरा दुष्प्रभाव डालता है। उन्होंने कहा कि कम उम्र में तम्बाकू की लत व्यक्ति के जीवन और करियर दोनों को प्रभावित करती है तथा इससे कैंसर, हृदय रोग और श्वसन संबंधी गंभीर बीमारियों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।इस अवसर पर यूपी वीएचए के क्षेत्रीय समन्वयक दिलीप पांडेय ने स्लाइड शो के माध्यम से बीड़ी, सिगरेट और अन्य तम्बाकू उत्पादों के दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तम्बाकू एक धीमा जहर है, जो धीरे-धीरे शरीर को गंभीर बीमारियों की ओर ले जाता है।कार्यक्रम के दौरान डिप्टी सीएमओ/नोडल अधिकारी (एनसीडी) डॉ. आलेन्द कुमार द्वारा उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अधिकारियों को नशा मुक्ति एवं तम्बाकू से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई।कार्यक्रम में डायट प्रवक्ता सुश्री निरूपमा गुप्ता, प्रभारी प्रचार-प्रसार मनीष तिवारी, एफएलसी एनसीडी दिलीप मौर्या, एनटीसीपी कार्यक्रम प्रभारी सी.पी. सिंह, नर्सिंग कॉलेज प्रबंधक लाल जी यादव तथा प्रधानाचार्य एकता साहनी सहित शिक्षकों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही।कार्यक्रम के अंत में नर्सिंग कॉलेज प्रबंधन द्वारा स्वास्थ्य विभाग से आए सभी अधिकारियों एवं विशेषज्ञों को शाल एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही उपस्थित सभी लोगों ने तम्बाकू मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।



