बुरहानपुर:एक_जिला_एक_उत्पाद जिले में केले के प्रसंस्करण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन निरंतर प्रयासरत्

एक_जिला_एक_उत्पाद
जिले में केले के प्रसंस्करण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन निरंतर प्रयासरत् है। कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल के निर्देशानुसार आज मध्यप्रदेश डे-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन एवं आरसेटी के संयुक्त तत्वावधान में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के लिए बनाना फायबर से विभिन्न सामग्री निर्माण हेतु प्रशिक्षण का ग्राम दर्यापुर में शुभारंभ किया गया।
शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल ने प्रशिक्षणार्थियों को एक जिला-एक उत्पाद अंतर्गत चयनित जिले की मुख्य फसल केले के फायबर से निर्मित विभिन्न सामग्रियों की बाजार में बढ़ती मांग के बारे में जानकारी दी एवं निर्माण हेतु प्रोत्साहित किया।प्रशिक्षण में केरल से आयी सौफी सिस्टर, मैरी सिस्टर द्वारा केले के रेेशे से विभिन्न निर्मित सामग्री पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह 6 दिवसीय प्रशिक्षण है, जिसमें 35 महिलायें विभिन्न उत्पाद बनाना सीखेंगी। वहीं महिलाओं द्वारा तैयार किये गये उत्पादों का विक्रय करने में जिला प्रशासन सहयोग करेगा।इस अवसर पर प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के बारे में भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। शासन के निर्देशानुसार योजनान्तर्गत पात्र हितग्राहियों को लाभ दिये जाने हेतु 18 पारंपरिक व्यवसायों में कार्यरत कारीगरों व शिल्पकारों को शामिल किया गया है। कलेक्टर सुश्री मित्तल ने कहा कि योजना की अधिक से अधिक नागरिकों को जानकारी दे। उन्होंने बताया कि योजनान्तर्गत प्रशिक्षण में 500/-रूपये प्रतिदिन भत्ता भी दिया जायेगा।प्रशिक्षण में जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमति सृष्टि देशमुख, एमपी टूरिज्म बोर्ड के अधिकारी श्री मेहता, जनपद पंचायत सीईओ श्री दुर्गेश भूमरकर, मध्य प्रदेश डे-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन परियोजना प्रबंधक श्रीमति संतमति खलको, आरसेटी निदेशक सहित अन्य अधिकारीगण व स्वयं सहायता समूह की दीदीयां उपस्थित रही।



