आजमगढ़:प्रदेश में टॉप करने वाले अटल आवासीय विद्यालय के 03 मेधावियों को जिलाधिकारी ने किया सम्मानित
डीएम ने मेधावियों को उच्च लक्ष्य निर्धारित कर समाज एवं राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए किया प्रेरित

आजमगढ़, 07 मई 2026।प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन करने वाले अटल आवासीय विद्यालय, गंभीरवन, आजमगढ़ के मेधावी छात्र-छात्राओं को जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें जीवन में निरंतर मेहनत, अनुशासन एवं ईमानदारी के साथ आगे बढ़ने हेतु प्रेरित किया।जिलाधिकारी ने मेधावी छात्र-छात्राओं से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि सफलता निरंतर परिश्रम, लगन एवं सकारात्मक सोच का परिणाम होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को उच्च लक्ष्य निर्धारित कर समाज एवं राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।अटल आवासीय विद्यालय, गंभीरवन के विद्यार्थियों ने शैक्षिक सत्र 2025-26 की सीबीएसई बोर्ड कक्षा-10 परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं जनपद को प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित किया है। विद्यालय के छात्र संगम यादव ने 97.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश के सभी 18 अटल आवासीय विद्यालयों में छात्र एवं छात्रा दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं ओम कुमार ने 96.8 प्रतिशत अंक अर्जित कर प्रदेश स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसी क्रम में विद्यालय की छात्रा अंशिका यादव ने 94.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश के सभी 18 अटल आवासीय विद्यालयों में सातवाँ स्थान तथा छात्रा वर्ग में द्वितीय स्थान हासिल किया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार एवं जनपद में हर्ष का वातावरण है।विद्यालय के प्रधानाचार्य रवि शंकर प्रसाद एवं समस्त शिक्षकों ने विद्यार्थियों की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य रवि शंकर प्रसाद, सहायक श्रमायुक्त पवन कुमार, सह नोडल अधिकारी अटल आवासीय विद्यालय गंभीरवन, आजमगढ़ सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।



