नई दिल्ली: दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ महिलाओं-बुजुर्गों के खिलाफ अपराध में दिल्ली फिर सबसे आगे, हवा में‘ग्राउंड लेवल ओजोन’ बन रही बड़ा खतरा

New Delhi: Delhi Morning News Brief: Delhi again leads in crimes against women and elderly, 'ground level ozone' in the air becoming a major threat

08 मई शुक्रवार 2026-27

नई दिल्ली:दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ आज की खबरों में महिलाओं-बुजुर्गों के खिलाफ अपराध में दिल्ली फिर सबसे आगे, हवा में‘ग्राउंड लेवल ओजोन’ बन रही बड़ा खतरा, भीषण गर्मी से राहत दिलाने शुरू की 13 ‘मोबाइल हीट रिलीफ’वैन, ‘सरके चुनर’ विवाद नोरा फतेही NCW से मांगी माफी प्रमुख रहा।

महिलाओं-बुजुर्गों के खिलाफ अपराध में दिल्ली फिर सबसे आगे:

नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) की साल 2024 की ताजा रिपोर्ट ने राजधानी दिल्ली में महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, देश के सभी मेट्रो शहरों में महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों में दिल्ली लगातार शीर्ष पर बनी हुई है। एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार, साल 2024 में दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ अपराध के कुल 13,396 मामले दर्ज किए गए। जबकि साल 2023 में यह संख्या 13,366 थी। यानी एक साल में मामलों में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है, लेकिन राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है।

हवा में‘ग्राउंड लेवल ओजोन’ बन रही बड़ा खतरा:

राजधानी दिल्ली की हवा को लेकर अब एक नई और गंभीर चिंता सामने आ रही है। पिछले कुछ वर्षों में पीएम 2.5 और पीएम 10 जैसे प्रदूषण स्तरों में कुछ हद तक गिरावट जरूर दर्ज की गई है, लेकिन अब विशेषज्ञ ‘ग्राउंड लेवल ओजोन’ के बढ़ते स्तर को बड़ा खतरा मान रहे हैं। यह ओजोन वह नहीं है जो वायुमंडल की ऊपरी परत में मौजूद होकर पृथ्वी को सूर्य की हानिकारक पराबैंगनी किरणों से बचाती है। बल्कि यह जमीन के करीब बनने वाली जहरीली गैस है, जो इंसानों के फेफड़ों और श्वसन तंत्र पर गंभीर असर डाल सकती है।

भीषण गर्मी से राहत दिलाने शुरू की 13 ‘मोबाइल हीट रिलीफ’वैन:

CM रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने राजधानी के 13 जिलों के लिए ‘मोबाइल हीट रिलीफ’ वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बढ़ती गर्मी और हीटवेव के खतरे को देखते हुए शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य लोगों को तेज धूप और लू से राहत पहुंचाना है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने लोगों से गर्मी के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने खासतौर पर निर्माण स्थलों, सड़कों और खुले इलाकों में काम करने वाले मजदूरों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई और कहा कि भीषण गर्मी में काम करने वालों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है।

सरके चुनर’ विवाद: नोरा फतेही NCW से मांगी माफी:

बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही (Nora Fatehi) गुरुवार (7 अप्रैल) को कथित तौर पर राष्ट्रीय महिला आयोग के समक्ष पेश हुईं। मामला उनकी आने वाली फिल्म ‘केडी द डेविल’ के एक गाने ‘सरके चुनर’ के बोलों से जुड़े विवाद से संबंधित बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, NCW ने इस मामले में उन्हें समन जारी किया था, जिसके बाद वे आयोग के सामने पेश हुईं। बैठक के दौरान एक्ट्रेस ने कथित विवाद पर लिखित माफी भी दी है। साथ ही यह भी बताया जा रहा है कि उन्होंने सामाजिक जिम्मेदारी के तहत कुछ अनाथ बच्चों की शिक्षा का खर्च उठाने की बात कही है।

द्वारका में बनेगा अत्याधुनिक मेडिकल कॉलेज:

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं और मेडिकल शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने द्वारका स्थित इंदिरा गांधी अस्पताल (Indira Gandhi Hospital) परिसर में अत्याधुनिक मेडिकल कॉलेज और छात्र-छात्राओं के लिए हॉस्टल बनाने की योजना को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस परियोजना की कुल अनुमानित लागत 805.99 करोड़ रुपये है। इसे हाल ही में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई व्यय वित्त समिति (EFC) की बैठक में स्वीकृति दी गई।

दिल्ली में बनेगा फायर फाइटिंग मास्टर प्लान:

दिल्ली सरकार राजधानी में बढ़ती आग की घटनाओं को रोकने के लिए बड़ा कदम उठाने जा रही है। हाल ही में हुए विवेक विहार अग्निकांड के बाद सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए फायर फाइटिंग मास्टर प्लान तैयार करने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि वे अगले 10 दिनों के भीतर आग की घटनाओं से जुड़ा विस्तृत ब्लू प्रिंट तैयार कर उनके सामने पेश करें। इस रिपोर्ट में आग लगने के प्रमुख कारण, ज्यादा जोखिम वाले इलाके, मौजूदा सुरक्षा व्यवस्थाओं की कमियां और ठोस निवारक उपाय शामिल करने को कहा गया है।

जिन्न के साये’ से मुक्ति के बहाने नाबालिग से दुष्कर्म:

दिल्ली हाईकोर्ट ने आध्यात्मिक इलाज और कथित ‘जिन्न के साये’ से मुक्ति दिलाने के नाम पर एक नाबालिग लड़की के यौन उत्पीड़न के आरोपी मौलवी को नियमित जमानत देने से इनकार कर दिया है। मामले की सुनवाई करते हुए जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा ने कहा कि आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोप बेहद गंभीर प्रकृति के हैं। कोर्ट ने माना कि प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि आरोपी ने पीड़िता की कमजोर मानसिक स्थिति और उसके परिवार द्वारा उस पर किए गए भरोसे का गलत फायदा उठाया। यह मामला प्रेम नगर थाने में दर्ज किया गया था। आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 376 POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज है।

यमुना किनारे कॉलोनी पर DDA का नोटिस:

दिल्ली में DDA ने निगम बोध घाट के पास स्थित यमुना बाजार कॉलोनी को खाली कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के तहत कॉलोनी में लगभग 310 घरों को 15 दिन के भीतर खाली करने का नोटिस चस्पा किया गया है। डीडीए की ओर से कहा गया है कि यह क्षेत्र ‘O जोन’ में आता है, जहां निर्माण और आवासीय गतिविधियों को लेकर नियमों के तहत सख्ती लागू की जा रही है। इसी आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है।

बाबा कमरुद्दीन केस:

दिल्ली में पिछले साल पीरागढ़ी फ्लाईओवर के पास कार में मिले तीन शवों के मामले में पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। इस केस में खुद को ‘बाबा’ बताने वाला कमरुद्दीन अब गंभीर अपराधों की एक श्रृंखला में घिरता नजर आ रहा है। दिल्ली पुलिस (Delhi Police) की जांच के अनुसार, आरोपी कमरुद्दीन तंत्र-मंत्र और “धनवर्षा” जैसी बातों का झांसा देकर लोगों को कथित तौर पर ठगता था। लेकिन जांच में यह भी सामने आया है कि वह अब तक कम से कम छह लोगों की हत्या में शामिल रहा है। पुलिस ने इस पूरे मामले में 527 पन्नों की विस्तृत चार्जशीट अदालत में दाखिल की है।

धक्का लगने के मामूली विवाद में 9वीं के छात्र की हत्या:

राजधानी दिल्ली के मैदानगढ़ी स्थित भाटी माइंस इलाके से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां गली में चलते समय धक्का लगने को लेकर हुए मामूली विवाद में दो नाबालिगों ने नौवीं कक्षा के छात्र की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 13 वर्षीय आयुष के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार आयुष सोमवार दोपहर से लापता था, जिसके बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। मंगलवार शाम उसका शव भाटी माइंस के घने जंगल इलाके से बरामद किया गया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

दिल्ली में नकली जीवन रक्षक दवाओं का बड़ा भंडाफोड़:

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने नकली जीवन रक्षक दवाओं के एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सरगना समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में मुखर्जी नगर इलाके में चल रही एक अवैध निर्माण और री-पैकेजिंग यूनिट का खुलासा हुआ, जहां से करीब 6 करोड़ रुपये मूल्य की नकली दवाएं, पैकेजिंग सामग्री और मशीनें बरामद की गईं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button