Azamgarh News: रास्ता भटकने की छोटी भूल बनी मौत का सफर, एक्सप्रेसवे हादसे में दंपति समेत मासूम बेटे की दर्दनाक मौत

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

रास्ता भटकने की छोटी भूल बनी मौत का सफर, एक्सप्रेसवे हादसे में दंपति समेत मासूम बेटे की दर्दनाक मौत

आजमगढ़ जनपद के अतरौलिया थाना क्षेत्र के गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर सोमवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर ने पति-पत्नी और उनके मासूम बेटे की जिंदगी हमेशा के लिए छीन ली। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया, जबकि मृतक के गांव में चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार कप्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बनकट जगदीश कोइरीपुर निवासी 38 वर्षीय संतोष विश्वकर्मा अपनी पत्नी गुड़िया विश्वकर्मा और 10 वर्षीय बेटे रियांश के साथ यामाहा मोटरसाइकिल से गोरखपुर रिश्तेदारी में गए थे। सोमवार को परिवार वापस घर लौट रहा था। बताया जा रहा है कि अतरौलिया के गदनपुर इंटरचेंज के पास वे रास्ता भटक गए और नीचे उतरने के बजाय एक्सप्रेसवे पर आगे बढ़ गए।

इसी दौरान गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर खीरीडीहा गांव के समीप पॉइंट नंबर 68.9 के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि बाइक सवार संतोष विश्वकर्मा उछलकर एक्सप्रेसवे के नीचे सर्विस रोड के किनारे जा गिरे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पत्नी गुड़िया और बेटा रियांश गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही यूपीडा की गश्ती टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा अधिकारी चंद्रभान सिंह ने अपनी टीम के साथ घायलों को तत्काल अतरौलिया स्थित 100 शैया अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान गुड़िया विश्वकर्मा ने भी दम तोड़ दिया। गंभीर हालत में मासूम रियांश को जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टर उसे भी बचा नहीं सके।

एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत की खबर मिलते ही गांव बनकट जगदीश कोइरीपुर में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिसने भी इस हादसे के बारे में सुना, उसकी आंखें नम हो गईं।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और पिकअप को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह रास्ता भटकने के बाद एक्सप्रेसवे पर गलत दिशा में आगे बढ़ना और तेज रफ्तार वाहन की टक्कर बताई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button