Azamgarh News: साइबर फ्रॉड गिरोह का सदस्य लखनऊ से गिरफ्तार, लाखों की ठगी मामले में कार्रवाई

आजमगढ़ बलरामपुर /पटवध से बबलू राय
साइबर फ्रॉड गिरोह का सदस्य लखनऊ से गिरफ्तार, लाखों की ठगी मामले में कार्रवाई
आजमगढ़। थाना साइबर क्राइम पुलिस ने मनी लॉन्ड्रिंग का भय दिखाकर लाखों रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन और 1600 रुपये नगद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार महाराजगंज थाना क्षेत्र के झोटीपुर निवासी नागेन्द्र मिश्र से जनवरी 2025 में साइबर अपराधियों ने खुद को साइबर क्राइम अधिकारी बताकर संपर्क किया था। आरोपियों ने मनी लॉन्ड्रिंग में एफआईआर दर्ज होने और गिरफ्तारी का डर दिखाकर विभिन्न खातों में कुल 34 लाख 87 हजार 998 रुपये जमा करा लिए थे। मामले में थाना साइबर क्राइम में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
विवेचना के दौरान पुलिस पहले ही गुजरात से कौशिक सरवैया और भगीरथ सिंह जाला तथा गोरखपुर से आदिल हुसैन को गिरफ्तार कर चुकी है। इसी क्रम में शनिवार को प्रकाश में आए आरोपी मो. रियाज उर्फ तन्नू निवासी उदयगंज, थाना हुसैनगंज, लखनऊ को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर टेलीग्राम और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से विदेशी साइबर अपराधियों के संपर्क में रहता था। गिरोह साइबर अपराध से अर्जित धनराशि के लेनदेन के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराता था। खातों में आई रकम निकालकर हिस्सा बांट लिया जाता था और शेष रकम USDT खरीदकर विदेशों में ट्रांसफर कर दी जाती थी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तारी टीम में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विभा पाण्डेय सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।



