Azamgarh News: नौकरी दिलाने के नाम पर 9 लाख 63 हजार की ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
नौकरी दिलाने के नाम पर 9 लाख 63 हजार की ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार
कन्धरापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फर्जी टी.टी. आईडी कार्ड बनाकर युवक को बनाया था शिकार
आजमगढ़ जनपद के थाना कन्धरापुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त ने रेलवे में टी.टी. की नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवक से 9 लाख 63 हजार 500 रुपये ऐंठ लिये थे और विश्वास दिलाने के लिए फर्जी टी.टी. आईडी कार्ड तक तैयार कर दिया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना कन्धरापुर क्षेत्र के ग्राम इसहाकपुर निवासी जनार्दन यादव पुत्र स्वर्गीय बहोर यादव ने दिनांक 07 मई 2026 को थाना कन्धरापुर में तहरीर देकर बताया था कि उनके पुत्र अमन को रेलवे में टी.टी. के पद पर नौकरी दिलाने का भरोसा देकर अमित कुमार श्रीवास्तव उर्फ दीपक पुत्र विनोद कुमार श्रीवास्तव निवासी कमला नगर कॉलोनी, थाना लालपुर पाण्डेयपुर, जनपद वाराणसी द्वारा कुल 9 लाख 63 हजार 500 रुपये की धनराशि ले ली गयी।
वादी के अनुसार अभियुक्त ने खुद को प्रभावशाली व्यक्ति बताते हुए युवक का फर्जी टी.टी. आईडी कार्ड भी बनवा दिया, जिससे परिवार को विश्वास हो गया कि नौकरी लग चुकी है। लेकिन जब काफी समय बीत जाने के बाद भी नौकरी नहीं मिली और पैसा वापस मांगा गया तो अभियुक्त गाली-गलौज करने लगा और धमकी देने लगा।
इस मामले में थाना कन्धरापुर पर मु0अ0सं0-108/2026 के तहत धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2), 352 एवं 351(3) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी।
इसी क्रम में शुक्रवार दिनांक 29 मई 2026 को उ0नि0 प्रमोद कुमार मद्धेशिया मय हमराह पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त अमित कुमार श्रीवास्तव उर्फ दीपक को भंवरनाथ-वाराणसी हाईवे तिराहा से सुबह करीब 08:10 बजे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्यवाही करते हुए अभियुक्त को न्यायालय भेज दिया।
गिरफ्तार अभियुक्त
अमित कुमार श्रीवास्तव उर्फ दीपक पुत्र विनोद कुमार श्रीवास्तव
निवासी- मकान नं0 5/35 P-2-P कमला नगर कॉलोनी, थाना लालपुर पाण्डेयपुर, जनपद वाराणसी
उम्र- लगभग 40 वर्ष
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
उ0नि0 प्रमोद कुमार मद्धेशिया, थाना कन्धरापुर
रि0का0 नीरज कुमार यादव
रि0का0 अभिषेक कुमार गौड़
कन्धरापुर पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को धनराशि देने से पहले उसकी सत्यता की अच्छी तरह जांच-पड़ताल अवश्य कर लें। किसी भी सरकारी नौकरी की भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होती है और उसका चयन निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही किया जाता है।



