Azamgarh News:अतरौलिया में गरजे ओम प्रकाश राजभर, बोले— “AC कमरों और ट्विटर से नहीं जीती जाती राजनीति”*

*अतरौलिया में गरजे ओम प्रकाश राजभर, बोले— “AC कमरों और ट्विटर से नहीं जीती जाती राजनीति”*
सपा की तानाशाही और आपसी गुटबाजी ही बनेगी उसके पतन का कारण”
विपक्ष के समय खुले सांड की तरह घूमते थे अपराधी”, एनकाउंटर पर सवाल उठाने वालों को राजभर का करारा जवाब
उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने सोमवार को अतरौलिया स्थित निरीक्षण भवन में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी, अखिलेश यादव और विपक्षी गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राजनीति जमीन पर उतरकर जनता के बीच रहने से होती है, न कि AC कमरों में बैठकर ट्विटर चलाने और शगूफे छोड़ने से। जनसुनवाई के दौरान कैबिनेट मंत्री ने क्षेत्र से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने विपक्ष पर तीखे हमले किए।
मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव के समाजवादी पार्टी में शामिल होने की चर्चाओं को अफवाह बताते हुए राजभर ने कहा कि अपर्णा यादव भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष हैं और विपक्ष केवल भ्रम फैलाने का काम कर रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी में कुछ लोग पोस्टरबाजी, कुछ ट्विटर चलाने और कुछ केवल माहौल खराब करने का काम करते हैं।
आजमगढ़ में महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी द्वारा किए गए प्रदर्शन में दिखी गुटबाजी पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि सपा की आंतरिक खींचतान और तानाशाही ही उसके पतन का कारण बनेगी। उन्होंने कहा कि अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में अलग-अलग प्रदर्शन इस बात का प्रमाण हैं कि पार्टी के भीतर सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। अतरौलिया विधानसभा सीट को लेकर निषाद पार्टी प्रमुख डॉ. संजय निषाद के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए राजभर ने कहा कि राजभर और निषाद समाज का वोट एक-दूसरे का पूरक है। उन्होंने कहा कि इस बार अतरौलिया में पिछड़े वर्ग का मजबूत प्रत्याशी उतारने की जरूरत है। अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए राजभर ने कहा कि “45-46 डिग्री तापमान में कार्यकर्ता और नेता जनता के बीच पसीना बहा रहे थे, जबकि अखिलेश यादव AC कमरों से बाहर नहीं निकल रहे थे। दोपहर में उठकर ट्वीट करना और सप्ताह में दो प्रेस कॉन्फ्रेंस करना ही उनकी राजनीति बनकर रह गई है।”
कानून-व्यवस्था और एनकाउंटर पर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर पलटवार करते हुए उन्होंने समाजवादी पार्टी के शासनकाल को याद दिलाया। राजभर ने कहा कि सपा सरकार में अपराधी खुलेआम घूमते थे और प्रदेश दंगों की आग में झुलस रहा था। आज अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो रही है तो विपक्ष वोट बैंक खिसकने के डर से परेशान है।
राहुल गांधी द्वारा चुनाव प्रक्रिया और परीक्षाओं की शुचिता पर उठाए गए सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी के बयानों का कोई राजनीतिक महत्व नहीं रह गया है। उन्होंने कहा कि ये सवाल उठाना दुर्भाग्यपूर्ण है। साथ ही मोदी सरकार को मजबूत बताते हुए कहा कि सरकार पूरी मजबूती के साथ देश सेवा में लगी हुई है।



