Azamgarh news :500 एनसीसी कैडेट्स को यातायात, साइबर, महिला एवं अग्नि सुरक्षा का दिया गया विशेष प्रशिक्षण

500 एनसीसी कैडेट्स को यातायात, साइबर, महिला एवं अग्नि सुरक्षा का दिया गया विशेष प्रशिक्षण

युवाओं को सुरक्षा और जिम्मेदारी का पढ़ाया गया पाठ

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, आजमगढ़ डॉ अनिल कुमार के निर्देशन में आज दिनांक 01.06.2026 को सर्वोदय पब्लिक स्कूल (पुराना आरटीओ के पास), आजमगढ़ में एक वृहद जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में यातायात पुलिस, फायर ब्रिगेड, साइबर सेल एवं मिशन शक्ति की संयुक्त टीम द्वारा लगभग 500 एनसीसी (NCC) कैडेट्स को विभिन्न सुरक्षा एवं जागरूकता संबंधी विषयों पर प्रशिक्षण एवं महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।

कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस टीम ने सड़क सुरक्षा नियमों, ट्रैफिक सिग्नलों के महत्व, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग तथा ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित आवश्यक नियमों की विस्तृत जानकारी दी। कैडेट्स को बताया गया कि यातायात नियमों का पालन न केवल स्वयं की सुरक्षा के लिए आवश्यक है, बल्कि यह समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी भी है ।

साइबर सेल की टीम द्वारा ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, ओटीपी एवं बैंकिंग फ्रॉड से बचाव के उपायों के साथ-साथ सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग एवं साइबर हेल्पलाइन नम्बर 1930 के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं एवं महिलाओं की सुरक्षा, उनके कानूनी अधिकारों तथा आपातकालीन सहायता नम्बर 1090 एवं 112 के महत्व को समझाया ।

वहीं फायर ब्रिगेड टीम द्वारा आग लगने की स्थिति में बचाव के उपायों, अग्निशामक यंत्रों के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग तथा आपदा के समय बरती जाने वाली सावधानियों का लाइव डेमो प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित कैडेट्स ने बड़े उत्साह के साथ देखा और समझा ।

कार्यक्रम के अंत में सभी एनसीसी कैडेट्स ने देश के जिम्मेदार नागरिक के रूप में यातायात नियमों का पालन करने, साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने तथा समाज में सुरक्षा एवं जागरूकता का संदेश प्रसारित करने की शपथ ली ।

इस अवसर पर विद्यालय प्रशासन, एनसीसी अधिकारी, संयुक्त पुलिस टीम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को विद्यार्थियों द्वारा अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया गया ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button