Azamgarh News:मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से 12 वर्षीय बालक की मौत, गांव में पसरा मातम

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से 12 वर्षीय बालक की मौत, गांव में पसरा मातम

आजमगढ़ जनपद के महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के यूसुफपुर (रूपयनपुर) गांव में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12 वर्षीय बालक की जान चली गई। मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से बालक की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार आदित्य निषाद (12 वर्ष) अपने घर के सामने सड़क किनारे साइकिल चला रहा था। इसी दौरान मिट्टी लेकर जा रही एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि बालक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। अपने बेटे का शव देखते ही मां बदहवास हो गई और परिवार में कोहराम मच गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध मिट्टी खनन और ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का संचालन हो रहा है, लेकिन प्रशासन द्वारा इस पर प्रभावी रोक नहीं लगाई जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई की गई होती तो इस मासूम की जान बच सकती थी।

मृतक के परिजनों ने बताया कि गांव के रास्ते से प्रतिदिन मिट्टी ढोने वाले वाहन तेज गति से गुजरते हैं। चालक अक्सर मोबाइल या हेडफोन का इस्तेमाल करते हुए वाहन चलाते हैं और तेज आवाज में गाना बजाते हैं। ग्रामीणों ने कई बार इसका विरोध किया, लेकिन वाहन मालिकों और चालकों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।

ग्रामीणों के अनुसार दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली रूपयनपुर निवासी योगेंद्र यादव पुत्र कल्पू यादव की बताई जा रही है, जिसे उनका पुत्र सत्यम यादव चला रहा था। लोगों का यह भी आरोप है कि वाहन पर पंजीकरण संख्या अंकित नहीं थी।

बताया गया कि आदित्य अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके पिता का करीब तीन वर्ष पूर्व निधन हो चुका है और परिवार का पालन-पोषण उसकी मां ही कर रही है। बेटे की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मृतक की मां की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं परिजनों ने दोषी चालक, वाहन मालिक तथा अवैध खनन से जुड़े लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और आर्थिक सहायता की मांग की है।

इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button