Azamgarh news :सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं फर्जी परीक्षाओं से संबंधित वीडियो डालने पर होगी सख्त कार्यवाही
सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं फर्जी परीक्षाओं से संबंधित वीडियो डालने पर होगी सख्त कार्यवाही

पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 से जोड़कर अफवाह फैलाने वाला युवक पुलिस हिरासत में
निष्पक्ष, पारदर्शी, शुचितापूर्ण एवं नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध
आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
आज दिनांक 08.06.2026 को इंस्टाग्राम आईडी ashutoshmaurya9498 से एक ऐसे वीडियो को प्रसारित कर जनपद आजमगढ़ में आयोजित पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 के संबंध में भ्रामक एवं असत्य सूचना फैलायी जा रही थी, जबकि उक्त वीडियो का किसी भी भर्ती परीक्षा से कोई संबंध नहीं पाया गया।
मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए साइबर सेल आजमगढ़ द्वारा वीडियो का फैक्ट चेक एवं तकनीकी परीक्षण किया गया। जांच में पाया गया कि वायरल वीडियो दिनांक 17.04.2026 का है तथा नोएडा, जनपद गौतमबुद्ध नगर से संबंधित है। उक्त वीडियो का किसी भी भर्ती परीक्षा अथवा प्रतियोगी परीक्षा से कोई संबंध नहीं है। साथ ही इसका जनपद आजमगढ़ में आयोजित पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 से भी कोई संबंध नहीं पाया गया।
साइबर सेल द्वारा तकनीकी विश्लेषण एवं डिजिटल ट्रेसिंग के आधार पर उक्त इंस्टाग्राम आईडी संचालक की पहचान आशुतोष कुमार मौर्य पुत्र प्रेमशंकर मौर्य वर्तमान पता- गौरीनरायणपुर, थाना बिलरियागंज, जनपद आजमगढ़, उम्र करीब 21 वर्ष के रूप में की गई। आरोपी को पुलिस हिरासत में लेकर थाना कोतवाली पर मु0अ0सं0- 293/26 धारा 353(2) बीएनएस व धारा 66डी आईटी एक्ट में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
सख्त चेतावनी :
परीक्षाओं, कानून-व्यवस्था अथवा सार्वजनिक व्यवस्था से संबंधित अफवाह, फर्जी समाचार, भ्रामक वीडियो अथवा असत्य सूचना सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वालों की सतत साइबर निगरानी की जा रही है। ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। किसी भी प्रकार की अपुष्ट सूचना को साझा करने से पूर्व उसकी सत्यता अवश्य जांच लें।
जनपद पुलिस एवं प्रशासन निष्पक्ष, पारदर्शी, नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है। पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 के प्रथम दिवस की परीक्षा सकुशल, शांतिपूर्ण, शुचितापूर्ण एवं पारदर्शी वातावरण में सम्पन्न हुई।



