Azamgarh News:करंट लगने से होमगार्ड जवान की मौत, परिवार में मचा कोहराम

आजमगढ़ बलरामपुर:पटवध से बबलू राय
करंट लगने से होमगार्ड जवान की मौत, परिवार में मचा कोहराम
आजमगढ़। जनपद के जहानागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत चक्रपानपुर ग्राम सभा के एकौना गांव निवासी एवं होमगार्ड जवान संजय पांडेय (56) की सोमवार सुबह करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संजय पांडेय सोमवार सुबह करीब सात बजे अपने खेत की निगरानी के लिए गए थे। खेत में सिंचाई के कारण पानी भरा हुआ था। इसी दौरान खेत के पास स्थित बिजली के पोल में लगे स्टैक में किसी कारणवश करंट प्रवाहित हो गया। स्टैक के संपर्क में आते ही उन्हें तेज करंट लगा, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़े।
आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल स्थित मोर्चरी हाउस भेज दिया।
मृतक संजय पांडेय मेहनगर क्षेत्र की पीआरबी-6207 में होमगार्ड के रूप में तैनात थे तथा यूपी-112 वाहन सेवा में चालक की जिम्मेदारी निभा रहे थे। उनके परिवार में पत्नी संजू पांडेय तथा दो पुत्र हैं। बड़े पुत्र ज्ञान प्रकाश कोलकाता और छोटे पुत्र प्रेम प्रकाश मुंबई में निजी क्षेत्र में कार्यरत हैं। पिता के निधन की सूचना मिलते ही दोनों पुत्र घर के लिए रवाना हो गए।



