Azamgarh News:मंडलीय अस्पताल की बड़ी लापरवाही, तीन घंटे तक तड़पता रहा मरीज, मौत के बाद फूटा परिजनों का गुस्सा

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
मंडलीय अस्पताल की बड़ी लापरवाही, तीन घंटे तक तड़पता रहा मरीज, मौत के बाद फूटा परिजनों का गुस्सा
आजमगढ़ मंडलीय जिला अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। रौनापार थाना क्षेत्र के करखिया गांव निवासी 50 वर्षीय गुल्लू सिंह की सोमवार शाम इलाज के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि मरीज करीब तीन घंटे तक अस्पताल के बेड पर तड़पता रहा, लेकिन डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी उसकी सुध लेने नहीं पहुंचे।
जानकारी के अनुसार गुल्लू सिंह की तबीयत सोमवार सुबह अचानक बिगड़ गई थी। परिजन उन्हें पहले नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर मंडलीय जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अपराह्न में अस्पताल में भर्ती कराने के बाद भी उन्हें समय पर उपचार नहीं मिला। परिजनों का आरोप है कि मरीज का बेटा लगातार डॉक्टरों और स्टाफ नर्सों से गुहार लगाता रहा, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया।
परिजनों के मुताबिक इलाज के अभाव में गुल्लू सिंह की हालत लगातार बिगड़ती गई और आखिरकार उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही वार्ड में मौजूद परिजन और अन्य मरीजों के तीमारदार आक्रोशित हो उठे। अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा शुरू हो गया और स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी की गई।
हंगामे की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। आरोप है कि स्थिति बिगड़ने के डर से कई स्वास्थ्यकर्मी और डीएनबी के डॉक्टर वार्ड में नहीं पहुंचे। काफी देर तक शव बेड पर पड़ा रहा और माहौल तनावपूर्ण बना रहा। बाद में सुरक्षा कर्मियों ने किसी तरह लोगों को शांत कराकर स्थिति को नियंत्रित किया।
घटना के बाद अस्पताल प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। परिजन मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



