Azamgarh News:जनगणना-2027: छूटे हुए मकानों एवं परिवारों की सूचना तत्काल देने हेतु डीएम की अपील

आजमगढ़ बलरामपुर /पटवध से बबलू राय

जनगणना-2027: छूटे हुए मकानों एवं परिवारों की सूचना तत्काल देने हेतु डीएम की अपील

जनपद का कोई भी मकान या परिवार गणना से वंचित न रहे, नागरिक करें सक्रिय सहयोग-जिलाधिकारी

आजमगढ़, 16 जून 2026/

जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी रविन्द्र कुमार ने सर्वसाधारण को सूचित किया है कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकान गणना” (HLO) का कार्य जनपद आजमगढ़ में प्रगति पर है, जो समय सारिणी के अनुसार दिनांक 22 मई, 2026 से प्रारम्भ होकर 20 जून, 2026 तक सम्पन्न किया जाना है। इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व के निर्वहन में जनपद के समस्त सम्मानित नागरिकों द्वारा प्रदान किए गए सहयोग हेतु जिला प्रशासन अपनी हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त करता है।

 

जनगणना का उद्देश्य प्रत्येक मकान, परिवार एवं व्यक्ति का समुचित अभिलेखीकरण सुनिश्चित करना है। अतः यह अत्यंत आवश्यक है कि जनपद का कोई भी मकान, परिवार अथवा आवासीय इकाई गणना कार्य से वंचित न रह जाए। जनगणना की सफलता उसकी पूर्णता, शत-प्रतिशत कवरेज पर निर्भर करती है।

 

जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी ने जनपद के समस्त नागरिकों से अपील किया है कि यदि उनकी जानकारी में कोई ऐसा घर, मोहल्ला, बस्ती, पुरवा, अपार्टमेंट, संस्थान परिसर अथवा अन्य कोई स्थान हो जहाँ मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य अभी तक सम्पन्न न हुआ हो अथवा किसी कारणवश छूट जाने की संभावना हो, तो इसकी सूचना तत्काल राष्ट्रीय हेल्पलाइन नम्बर 1855 अथवा जनपद आजमगढ़ की हेल्पलाइन संख्या 05462-298070 एवं जनपद कन्ट्रोल रूम नम्बर-9454417172 पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। गणना कार्य से सम्बद्ध समस्त फील्ड ट्रेनर, प्रगणक एवं पर्यवेक्षक अपने-अपने कार्यक्षेत्र में विद्यालयों, ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों, सामाजिक संगठनों तथा स्थानीय नागरिकों से सतत संवाद स्थापित कर यह सुनिश्चित करें कि कोई भी मकान अथवा परिवार गणना से वंचित न रह जाए। आपकी सक्रिय सहभागिता एवं सतर्कता इस राष्ट्रीय अभियान की सफलता में अत्यंत महत्वपूर्ण है।

 

जनगणना एवं उससे संबंधित समस्त गणना कार्य केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं हैं, बल्कि विकास योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के न्यायोचित वितरण तथा भावी नीतियों के निर्धारण का आधार भी हैं। इसलिए यह हम सभी का सामूहिक दायित्व है कि जनपद आजमगढ़ का प्रत्येक मकान एवं प्रत्येक परिवार इस प्रक्रिया में सम्मिलित हो।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि जनपद आजमगढ़ के जागरूक नागरिक तथा जनगणना कार्य में समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण निष्ठा, उत्तरदायित्व एवं समर्पण के साथ इस अभियान को सफल बनाएंगे तथा यह सुनिश्चित करेंगे कि जनपद का कोई भी मकान अथवा परिवार गणना से वंचित न रह जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button