Azamgarh News:नसीरपुर-छिहीं मार्ग पर आकटहिया गांव के पास मिला अज्ञात वृद्ध का शव, पहचान में जुटी पुलिस
आजमगढ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
नसीरपुर-छिहीं मार्ग पर आकटहिया गांव के पास मिला अज्ञात वृद्ध का शव, पहचान में जुटी पुलिस
बिलरियागंज (आजमगढ़)। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के नसीरपुर से छिहीं मार्ग पर अकटहिया गांव के समीप सड़क किनारे गुरुवार को लगभग 58 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची बिलरियागंज पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक देखने में मजदूरी करने वाला व्यक्ति प्रतीत हो रहा है। उसके शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट या संघर्ष के निशान नहीं पाए गए हैं। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत भीषण गर्मी, लू लगने अथवा हृदयाघात (हार्ट अटैक) के कारण हुई हो सकती है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा पहचान न होने के कारण उसे पोस्टमार्टम हाउस के शीतगृह में सुरक्षित रखवा दिया गया है।
बिलरियागंज पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति मृतक के संबंध में जानकारी रखता हो या उसकी पहचान कर सके तो तत्काल बिलरियागंज थाना पुलिस को सूचित करें, ताकि मृतक के परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके।
पुलिस मृतक की पहचान और मौत के कारणों की जांच में जुटी हुई है।



