Azamgarh News:तेज रफ्तार अज्ञात बाइक की टक्कर से युवक की मौत, मुकदमा दर्ज

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
तेज रफ्तार अज्ञात बाइक की टक्कर से युवक की मौत, मुकदमा दर्ज
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महराजगंज थाना क्षेत्र के मन्दरेपुर गांव निवासी लौकेश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके बड़े भाई संतोष कुमार (35) शनिवार देर रात काम करके शिवनगर से पैदल अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में भैसहाँ गांव के पास एक अज्ञात मोटरसाइकिल चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में गंभीर रूप से घायल संतोष कुमार को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलरियागंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 281 एवं 106(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक योगेन्द्र कुमार पाल को सौंपी गई है। पुलिस दुर्घटना में शामिल वाहन और चालक की तलाश में जुटी है।



