Azamgarh News:सीटी स्कैन के लिए मरीजों को मंडलीय जिला चिकित्सालय ही भेजें सभी अधीक्षक व प्रभारी चिकित्साधिकारी :सीएमओ*

आजमगढ़ बलरामपुर /पटवध से बबलू राय

*सीटी स्कैन के लिए मरीजों को मंडलीय जिला चिकित्सालय ही भेजें सभी अधीक्षक व प्रभारी चिकित्साधिकारी :सीएमओ*

*निजी सीटी स्कैन केंद्र भेजे गए मरीज की सूचना मिली तो होगी कार्रवाई, निःशुल्क जांच के नाम पर धन मांगने वालों पर भी होगी सख्ती*

आजमगढ़ 10 जुलाई 2026

आजमगढ़। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने जनपद के सभी सरकारी चिकित्सालयों के अधीक्षकों एवं प्रभारी चिकित्साधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि उपचार के दौरान जिन मरीजों को सीटी स्कैन जांच की आवश्यकता हो, उन्हें मंडलीय जिला चिकित्सालय, आजमगढ़ ही रेफर किया जाए, जहां दो स्थानों पर सीटी स्कैन की जांच पूरी तरह निःशुल्क की जा रही है।

सीएमओ ने सौ शैय्या युक्त संयुक्त चिकित्सालय अतरौलिया, तरवां एवं लालगंज सहित जनपद के समस्त सरकारी चिकित्सालयों को निर्देशित किया है कि सीटी स्कैन के लिए रेफर किए जाने वाले प्रत्येक मरीज का विवरण संबंधित चिकित्सालय के ओपीडी रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए।

डॉ. एन. आर. वर्मा ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी भी सरकारी चिकित्सालय या सरकारी चिकित्सक द्वारा मरीज को सीटी स्कैन के लिए निजी जांच केंद्र भेजे जाने की सूचना अथवा शिकायत प्राप्त होती है तो प्रकरण की जांच कर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई अवश्य की जाएगी। इस मामले में किसी भी स्तर पर हीलाहवाली या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

सीएमओ ने आम जनता से अपील की कि यदि कोई सरकारी चिकित्सक सीटी स्कैन के लिए मंडलीय जिला चिकित्सालय रेफर करने में आनाकानी करता है अथवा किसी निजी जांच केंद्र पर भेजता है तो इसकी सूचना तत्काल उन्हें दी जाए।

उन्होंने कहा, “मंडलीय जिला चिकित्सालय में दो स्थानों पर सीटी स्कैन जांच की सुविधा पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध है। यदि कोई व्यक्ति जांच के नाम पर मरीज अथवा उसके परिजन से धन की मांग करता है तो इसकी सूचना तत्काल मंडलीय जिला चिकित्सालय के प्रमुख अधीक्षक अथवा मुझे दें। शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाएगी।”

सीएमओ ने कहा कि निःशुल्क सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ प्रत्येक जरूरतमंद मरीज तक पहुंचाना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। आर्थिक अभाव के कारण कोई मरीज आवश्यक जांच से वंचित न रहे, इसके लिए सभी अधीक्षकों एवं प्रभारी चिकित्साधिकारियों को जारी निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button