Azamgarh News:एक सप्ताह से अंधेरे में 75 परिवार: ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की मांग को लेकर भगतपुर में ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

एक सप्ताह से अंधेरे में 75 परिवार: ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की मांग को लेकर भगतपुर में ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन

आजमगढ़ जनपद के नगर पालिका बिलरियागंज के वार्ड संख्या-6 स्थित भगतपुर राजभर बस्ती में शनिवार को बिजली संकट से परेशान ग्रामीणों का सब्र जवाब दे गया। पिछले करीब एक सप्ताह से बिजली आपूर्ति ठप होने से नाराज ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जल्द बिजली बहाल करने और अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने विभाग पर लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान न करने का आरोप लगाया।

ग्रामीणों का कहना है कि बस्ती के करीब 75 परिवार पिछले एक सप्ताह से अंधेरे में जीवन गुजारने को मजबूर हैं। उमस भरी गर्मी में बिजली न होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, बुजुर्ग और मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं किसानों के सामने भी संकट खड़ा हो गया है, क्योंकि धान की रोपाई के समय सिंचाई प्रभावित होने से खेती का कार्य बाधित हो रहा है।

ग्रामीण प्रिंस राजभर ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले क्षेत्र का ट्रांसफार्मर जल गया था। विभाग ने नया ट्रांसफार्मर लगाया, लेकिन वह भी महज दो घंटे के भीतर ही फुंक गया। इसके बाद से पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है और लोग लगातार परेशानी झेल रहे हैं।

राजू राजभर ने बताया कि पूरी बस्ती में केवल 25 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाया गया है, जबकि उसी से लगभग 75 उपभोक्ताओं को बिजली दी जाती है। क्षमता कम होने के कारण ट्रांसफार्मर पर लगातार ओवरलोड रहता है और वह बार-बार जल जाता है। उन्होंने कहा कि कई बार अधिकारियों से ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की मांग की गई, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाकर नियमित विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे आंदोलन तेज करने को मजबूर होंगे।

इस संबंध में बिलरियागंज विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता (जेई) सहदेव ने बताया कि अधिक लोड के कारण ट्रांसफार्मर बार-बार जल रहा है। उन्होंने कहा कि जले हुए ट्रांसफार्मर को शीघ्र बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। साथ ही अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने के लिए उच्च अधिकारियों को प्रस्ताव भेज दिया गया है। स्वीकृति मिलते ही नया ट्रांसफार्मर स्थापित कराया जाएगा।

प्रदर्शन में दयाराम राजभर, राजू राजभर, तेजू, रामाश्रय, महेंद्र, नागा राजभर, पलटन, मुन्ना, अशोक, साधु राजभर, मैना देवी, सावित्री देवी, प्रभावती, सुदामी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button