Azamgarh news :सदस्य न्यायिक राजस्व परिषद जी.एस. नवीन कुमार ने राजस्व कार्यों की समीक्षा की, लंबित वादों के शीघ्र निस्तारण एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
सदस्य न्यायिक राजस्व परिषद जी.एस. नवीन कुमार ने राजस्व कार्यों की समीक्षा की, लंबित वादों के शीघ्र निस्तारण एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
सदस्य न्यायिक राजस्व परिषद, उत्तर प्रदेश जी.एस. नवीन कुमार (आईएएस) ने शनिवार को सर्किट हाउस सभागार में जनपद के राजस्व कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने लंबित एवं पुराने राजस्व वादों के समयबद्ध निस्तारण, खेतों के सीमांकन, राजस्व न्यायालयों की कार्यप्रणाली तथा विभिन्न राजस्व मामलों की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, अपर आयुक्त प्रमोद पांडेय, मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा सहित जनपद के समस्त उप जिलाधिकारी एवं राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान सदस्य न्यायिक राजस्व परिषद ने पाया कि तहसील बूढ़नपुर में पुराने राजस्व वादों के निस्तारण की प्रगति अपेक्षित नहीं है। साथ ही खेतों के सीमांकन हेतु उपलब्ध रोवर उपकरण के संचालन के संबंध में उप जिलाधिकारी द्वारा संतोषजनक जानकारी प्रस्तुत नहीं की जा सकी। इस पर उन्होंने उप जिलाधिकारी बूढ़नपुर से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार तहसील मार्टिनगंज एवं निजामाबाद में लंबित राजस्व वादों के निस्तारण की प्रगति असंतोषजनक पाए जाने पर संबंधित उप जिलाधिकारियों से भी स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए गए।
बैठक में यह भी पाया गया कि तहसील मार्टिनगंज में पुराने वादों के निस्तारण एवं कुल वादों के अपेक्षित निस्तारण में पर्याप्त प्रगति नहीं हुई है। इस पर सदस्य न्यायिक राजस्व परिषद ने तहसीलदार एवं न्यायिक तहसीलदार, मार्टिनगंज को प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुराने एवं लंबित वादों का निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता पर करते हुए निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व न्यायालयों के कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाए, जिससे आमजन को त्वरित न्याय मिल सके।
बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, उप जिलाधिकारी सदर नरेंद्र गंगवार सहित जनपद के समस्त राजस्व अधिकारी उपस्थित रहे।



