Azamgarh News:आजमगढ़ में गैंगस्टर के.सी. राय पर बड़ा एक्शन: 10 करोड़ की अवैध संपत्ति कुर्क, डुगडुगी पिटवाकर प्रशासन ने लिया कब्जा

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

आजमगढ़ में गैंगस्टर के.सी. राय पर बड़ा एक्शन: 10 करोड़ की अवैध संपत्ति कुर्क, डुगडुगी पिटवाकर प्रशासन ने लिया कब्जा

आजमगढ़। संगठित अपराध और भूमाफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस और प्रशासन ने रविवार को गैंगस्टर, भूमाफिया व हिस्ट्रीशीटर कृष्णचंद्र राय उर्फ के.सी. राय की करीब 10 करोड़ रुपये मूल्य की अवैध अचल संपत्ति कुर्क कर प्रशासनिक कब्जे में ले ली। न्यायालय के आदेश पर कार्रवाई करते हुए संपत्ति की डुगडुगी पिटवाकर नियमानुसार कुर्की की गई।

पुलिस के अनुसार कोतवाली में दर्ज एक मुकदमे की विवेचना के दौरान सामने आया कि के.सी. राय ने फर्जी खतौनी, जमीन के नाम पर ठगी, गैंगस्टर गतिविधियों और अन्य संगठित अपराधों से अर्जित धन से ग्राम कोडर अजमतपुर में वर्ष 2012 से भूमि खरीदकर आलीशान बहुमंजिला भवन का निर्माण कराया था। बाद में अपराध से अर्जित धन से उसका लगातार विस्तार और रिनोवेशन भी कराया गया।

राजस्व विभाग और लोक निर्माण विभाग के मूल्यांकन में करीब पांच गाटा संख्या में फैली इस संपत्ति की बाजार कीमत लगभग 10 करोड़ रुपये आंकी गई। विवेचना के आधार पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने धारा 107 बीएनएसएस के तहत संपत्ति कुर्क करने का आदेश दिया तथा तहसीलदार को इसका प्रशासक नियुक्त किया।

एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी तथा विवेचक निरीक्षक रफी आलम के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए भवन को प्रशासनिक कब्जे में ले लिया।

पुलिस ने बताया कि कृष्णचंद्र राय उर्फ के.सी. राय वर्तमान में जेल में निरुद्ध है और उसके खिलाफ ठगी, जालसाजी, गैंगस्टर एक्ट, एससी/एसटी एक्ट समेत विभिन्न थानों में 16 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

आजमगढ़ पुलिस ने कहा कि अपराध से अर्जित संपत्ति को जब्त और कुर्क कर अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ने की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button