Azamgarh news :एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के नेतृत्व में रिजर्व पुलिस लाइन में हुआ वृहद वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया गया सशक्त संदेश
एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के नेतृत्व में रिजर्व पुलिस लाइन में हुआ वृहद वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया गया सशक्त संदेश

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
पर्यावरण संरक्षण, हरित भविष्य एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को साकार करते हुए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 12.07.2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के नेतृत्व में रिजर्व पुलिस लाइन, आजमगढ़ परिसर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, वृक्षारोपण को जन-आंदोलन का स्वरूप प्रदान करना तथा पुलिस परिवार एवं समाज को प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन की धर्मपत्नी श्रीमती मोहिता जैन, क्षेत्राधिकारी नगर की धर्मपत्नी श्रीमती अंजली, क्षेत्राधिकारी सदर श्रीमती आस्था जायसवाल, प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया। सभी प्रतिभागियों ने पौधारोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया।
वृक्षारोपण कार्यक्रम के उपरांत श्रीमती मोहिता जैन ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि “वृक्ष केवल पर्यावरण को शुद्ध करने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि मानव जीवन, जैव विविधता एवं प्राकृतिक संतुलन के आधार स्तंभ हैं। यदि हम आज पौधे लगाकर उनका संरक्षण करेंगे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण प्रदान कर सकेंगे।” उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से प्रत्येक पौधे को जीवित रखने के लिए उसकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण को अपने सामाजिक दायित्व का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस परिवार के सदस्यों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी करते हुए प्रकृति के प्रति अपनी संवेदनशीलता एवं उत्तरदायित्व का परिचय दिया।
इसी क्रम में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत जनपद के सभी थाना परिसरों, पुलिस चौकियों एवं अन्य पुलिस इकाइयों में भी स्थानीय स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रभारी निरीक्षकों एवं थानाध्यक्षों के नेतृत्व में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया गया।
आजमगढ़ पुलिस द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने, पुलिस एवं समाज के बीच सहभागिता को सुदृढ़ करने तथा हरित एवं स्वच्छ भारत के निर्माण की दिशा में एक सार्थक पहल है। जनपद पुलिस भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अभियानों में सक्रिय सहभागिता निभाती रहेगी।



