Azamgarh News:गरीब, बुजुर्ग और जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना होगी पहली प्राथमिकता”
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
“गरीब, बुजुर्ग और जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना होगी पहली प्राथमिकता”
वशिष्ठ नारायण सिंह ने संभाला जिला समाज कल्याण अधिकारी का पद
आजमगढ़ जनपद को नए जिला समाज कल्याण अधिकारी के रूप में एक अनुभवी अधिकारी मिल गए हैं। वशिष्ठ नारायण सिंह ने मंगलवार को जिला समाज कल्याण अधिकारी का पदभार ग्रहण किया। मूल रूप से देवरिया जनपद के निवासी वशिष्ठ नारायण सिंह इससे पहले गोरखपुर में जिला समाज कल्याण अधिकारी के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता सरकार द्वारा संचालित समाज कल्याण योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना होगा। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र बुजुर्ग वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला (विधवा) पेंशन या अन्य सरकारी सहायता से वंचित न रहे, इसके लिए विभाग पूरी संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ कार्य करेगा।
उन्होंने बताया कि गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह से संबंधित योजनाओं, छात्र-छात्राओं की छात्रवृत्ति तथा समाज कल्याण विभाग की अन्य योजनाओं से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध समाधान उनकी प्राथमिकता में रहेगा। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य केवल योजनाएं चलाना नहीं, बल्कि जरूरतमंदों तक उनका वास्तविक लाभ पहुंचाना है।
वशिष्ठ नारायण सिंह ने आमजन से अपील की कि पात्र लाभार्थी बिना किसी बिचौलिये के सीधे समाज कल्याण विभाग से संपर्क करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति की समस्या को गंभीरता से सुनकर उसका त्वरित निस्तारण कराया जाएगा, ताकि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के हर जरूरतमंद तक पहुंच सके।



