Azamgarh news :सीएम डैशबोर्ड पर राजस्व एवं विकास कार्यों की समीक्षा, लंबित परियोजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश

सीएम डैशबोर्ड पर राजस्व एवं विकास कार्यों की समीक्षा, लंबित परियोजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश

मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली योजनाओं में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर पात्रों को लाभान्वित करें – जिलाधिकारी

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड पर माह जून-2026 के राजस्व एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा, पूर्वांचल विकास निधि, त्वरित आर्थिक विकास योजना तथा 50 लाख रुपये एवं उससे अधिक लागत की निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति का विभागवार परीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने लक्ष्य के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने, लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

बैठक में जीरो पावर्टी अभियान के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध रूप से पहुंचना चाहिए। उन्होंने जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत सभी पात्र लाभार्थियों का शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत गोल्डन कार्ड बनाने की प्रगति में तेजी लाने तथा आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों के शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाए जाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने समस्त खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि फैमिली आईडी निर्माण में अपेक्षित प्रगति लाते हुए शत-प्रतिशत पात्र परिवारों का पंजीकरण सुनिश्चित करें। विद्युत संयोजन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि पात्र लाभार्थियों का सत्यापन कर उन्हें शीघ्र विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत सभी पात्र किसानों को लाभ दिलाने तथा वृद्धावस्था पेंशन योजना में प्राप्त पात्र आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण कर लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रम विभाग को लक्ष्य के अनुरूप अधिकाधिक श्रमिकों का पंजीकरण कराते हुए बीओसीडब्ल्यू श्रम कार्ड उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

जल जीवन मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि पेयजल परियोजनाओं में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग एवं समीक्षा करते हुए समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण कराए जाएं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक घर तक सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।

पर्यटन विभाग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि स्वीकृत एवं संचालित पर्यटन परियोजनाओं को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए। जिन परियोजनाओं का कार्य अभी प्रारंभ नहीं हुआ है, उन्हें शीघ्र प्रारंभ कराया जाए तथा आवश्यकता अनुसार मैनपावर बढ़ाकर कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित की जाए।

बैठक में पूर्वांचल विकास निधि एवं त्वरित आर्थिक विकास योजना के अंतर्गत संचालित कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिया कि स्वीकृत परियोजनाओं में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न होने पाए तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्य गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं।

50 लाख रुपये एवं उससे अधिक लागत की लंबित पांच परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में तेजी लाकर उन्हें यथाशीघ्र गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने विलंबित परियोजनाओं के संबंध में भी स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी बाधाओं का समय रहते समाधान कर कार्यों को निर्धारित समय में पूरा किया जाए।

इसके अतिरिक्त 50 करोड़ रुपये एवं उससे अधिक लागत वाली परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सर्वाेच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ही पूर्ण किए जाएं।

जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिया कि पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर शीघ्र हस्तांतरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूर्ण किए जाएं। उन्होंने मा0 मुख्यमंत्री जी की घोषणाओं से आच्छादित परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि सभी घोषणाओं के अनुरूप स्वीकृत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराया जाए, जिससे आमजन को योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त हो सके।

विभिन्न परियोजनाओं के निर्माण कार्य में अपेक्षित प्रगति न पाये जाने एवं कार्याें में लापरवाही पाये जाने पर जिलाधिकारी ने परियोजना प्रबन्धक राजकीय निर्माण निगम लि0 नोटिस जारी करने एवं स्टेट हेड को आवश्यक कार्यवाही हेतु पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिये। हाजीपुर खड़ेलिया-गोला बाजार के घाघरा नदी (गोला घाट) पर लघु सेतु, पहुंच मार्ग, अतिरिक्त पहुंच मार्ग एवं सुरक्षात्मक कार्य में धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए एक्सईएन प्रान्तीय खण्ड, लो0नि0वि0 को नोटिस जारी करने के निर्देश दिये।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) गम्भीर सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा, डीसी मनरेगा राम उदरेज यादव, डीसी एनआरएलएम डॉ. अराधना त्रिपाठी, परियोजना निदेशक सच्चिदानंद सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button