Azamgarh news :सर्पदंश से बचाव हेतु जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा

सर्पदंश से बचाव हेतु जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव

वर्षा ऋतु में सर्पदंश की घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। जनपदवासियों की सुरक्षा एवं जागरूकता के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा सर्पदंश से बचाव एवं समय पर उपचार के संबंध में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि खेतों, बागों एवं झाड़ियों में कार्य करते समय जूते तथा टॉर्च का प्रयोग अवश्य करें। घर एवं उसके आसपास झाड़-झंखाड़, कूड़ा-कचरा तथा चूहों के बिलों की नियमित सफाई रखें, जिससे साँपों के छिपने की संभावना कम हो सके। रात्रि में यथासंभव जमीन पर सोने से बचें तथा बच्चों को खुले स्थानों पर नंगे पैर न चलने दें।

यदि किसी व्यक्ति को साँप काट ले तो घबराएँ नहीं। पीड़ित को शांत रखें, काटे गए अंग को अधिक हिलने-डुलने न दें तथा तत्काल 108 एम्बुलेंस की सहायता लेकर निकटतम सरकारी अस्पताल पहुँचें, जहाँ एंटी स्नेक वेनम (ASV) सहित आवश्यक उपचार उपलब्ध है। किसी भी प्रकार की झाड़-फूँक, तंत्र-मंत्र, घाव को काटने, चूसने अथवा कसकर रस्सी बाँधने जैसे उपाय न करें, क्योंकि इससे स्थिति और गंभीर हो सकती है।

जिला प्रशासन ने सभी ग्राम प्रधानों, आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, पंचायत सहायकों, विद्यालयों तथा संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि सर्पदंश से बचाव एवं प्राथमिक उपचार के संबंध में व्यापक जन-जागरूकता अभियान संचालित करें, ताकि प्रत्येक नागरिक सही जानकारी प्राप्त कर सके और किसी भी आपात स्थिति में समय पर उचित उपचार उपलब्ध हो सके।

जिला प्रशासन की अपील:

“सावधानी रखें, अंधविश्वास नहीं। सर्पदंश होने पर तुरंत अस्पताल जाएँ, समय पर उपचार ही जीवन बचाता है।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button