Azamgarh News:तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक में मारी टक्कर, पिता-पुत्र समेत मासूम घायल
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक में मारी टक्कर, पिता-पुत्र समेत मासूम घायल
आजमगढ़ जनपद के कंधरापुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के संबंध में पीड़ित पक्ष ने कंधरापुर थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर के अनुसार ग्राम टंडवा निवासी देवेन्द्र यादव ने बताया कि उनके पिता गोपेन्द्र सेन यादव मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे पड़ोस के बच्चे आरुष यादव को बाइक (UP 50 AP 8319) से शिव ज्ञान ज्योति हरिजन प्राथमिक विद्यालय, मिरिया छोड़ने गए थे। विद्यालय के पास सड़क किनारे अपनी लेन में बाइक खड़ी कर बच्चे को उतार रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही रोडवेज की अनुबंधित बस UP 44 BT 4736 ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में गोपेन्द्र सेन यादव और मासूम आरुष यादव गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। दोनों घायलों को उपचार के लिए लाइफ लाइन हॉस्पिटल, आजमगढ़ में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
तहरीर में बस चालक अमरजीत यादव निवासी उतरैठ, जनपद आजमगढ़ तथा बस मालिक रामशरण वर्मा निवासी मगरसन कला, थाना करौदी कला, जनपद सुल्तानपुर का उल्लेख करते हुए उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



