Azamgarh News:आनंदी माँ अभियान के तहत आजमगढ़ डेंटल कॉलेज में सर्विक्स कैंसर जागरूकता सेमिनार आयोजित
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
आनंदी माँ अभियान के तहत आजमगढ़ डेंटल कॉलेज में सर्विक्स कैंसर जागरूकता सेमिनार आयोजित
आजमगढ़, “आनंदी माँ – एक जीवन बचाओ अभियान” के अंतर्गत स्त्री वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वावधान में आजमगढ़ डेंटल कॉलेज में सर्विक्स (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर एवं HPV वैक्सीनेशन पर जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ. अरुणा दास के संरक्षण में हुई। अभियान को सफल बनाने में डॉ. विपिन यादव (जिला संयोजक) तथा श्रीमती पूजा सिंह (पूर्वांचल संयोजक एवं उत्तर प्रदेश मीडिया प्रभारी, स्त्री वेलफेयर फाउंडेशन) की प्रमुख भूमिका रही। कार्यक्रम में दुर्गा शक्ति सेवा ट्रस्ट एवं उपजा – यूपी जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन का भी सहयोग रहा।
सेमिनार में ANM, GNM, डेंटल एवं बी.एससी. की लगभग 700 छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों ने भाग लिया। विशेषज्ञों ने HPV वायरस, सर्विक्स कैंसर के कारण, बचाव और HPV वैक्सीन की उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी। बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने वैक्सीनेशन के लिए पंजीकरण कराने में रुचि दिखाई।
डॉ. विपिन यादव ने कहा कि समय पर HPV वैक्सीनेशन और जागरूकता के माध्यम से सर्विक्स कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव संभव है। वहीं डॉ. अरुणा दास ने भविष्य में भी कॉलेज में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने और “आनंदी माँ अभियान” को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम की आयोजक पूजा सिंह ने कहा कि उनका उद्देश्य उत्तर प्रदेश, पूर्वांचल और आजमगढ़ को सर्विक्स कैंसर मुक्त बनाना है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इस जन-जागरूकता अभियान में सहयोग करने की अपील की।
आयोजकों ने बताया कि “आनंदी माँ – एक जीवन बचाओ अभियान” के तहत ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगे भी लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक बेटियों और महिलाओं को सर्विक्स कैंसर से बचाव के प्रति जागरूक किया जा सके।



