Azamgarh News:विधान परिषद में गूंजी आजमगढ़ के किसानों की आवाज, एमएलसी शाह आलम ‘गुड्डू जमाली’ ने गन्ना किसानों के शोषण और जर्जर सड़क का मुद्दा उठाया
आजमगढ़ बलरामपुर/ पटवध से बबलू राय
विधान परिषद में गूंजी आजमगढ़ के किसानों की आवाज, एमएलसी शाह आलम ‘गुड्डू जमाली’ ने गन्ना किसानों के शोषण और जर्जर सड़क का मुद्दा उठाया
आजमगढ़। विधान परिषद के मानसून सत्र में मंगलवार को आजमगढ़ के एमएलसी शाह आलम (गुड्डू जमाली) ने सगड़ी और गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के देवारा इलाके के गन्ना किसानों की समस्याओं को जोरदार ढंग से सदन में उठाया। उन्होंने गन्ना फसल के गलत सर्वेक्षण, सठियांव चीनी मिल में किसानों के कथित शोषण तथा मेहनगर क्षेत्र की क्षतिग्रस्त सड़क के पुनर्निर्माण का मुद्दा उठाते हुए सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
एमएलसी शाह आलम ने जून माह में रौनापार क्षेत्र में किसानों द्वारा आयोजित पंचायत का उल्लेख करते हुए कहा कि किसानों की गन्ने की फसल अभी पूरी तरह विकसित भी नहीं हुई थी, लेकिन विभागीय अधिकारियों ने समय से पहले सर्वे कर उसे “थर्ड कैटेगरी” में डाल दिया। उन्होंने इसे किसानों के साथ अन्याय बताते हुए कहा कि अंकुरित अवस्था में फसल का मूल्यांकन कर उसे अनुपयुक्त घोषित करना पूरी तरह गलत है। उन्होंने सरकार से फसल के विकसित होने के बाद पुनः सर्वे कराने और किसानों को न्याय दिलाने की मांग की।
उन्होंने सदन में सठियांव चीनी मिल का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि वहां किसानों को समय पर गन्ना पर्ची नहीं मिलती, उनकी गाड़ियां लंबे समय तक कतारों में खड़ी रहती हैं और बिचौलियों के कारण किसानों का आर्थिक एवं मानसिक शोषण हो रहा है। उन्होंने सरकार से मिल की व्यवस्थाओं में सुधार कर किसानों को राहत दिलाने की मांग की।
इसके साथ ही शाह आलम ने मेहनगर तहसील के बिंद्राबाजार-खालिसपुर लहबरिया लिंक रोड पर मगही नदी के पास लगभग 300 मीटर क्षतिग्रस्त खड़ंजा मार्ग का मामला भी सदन में उठाया। उन्होंने कहा कि जलभराव के कारण सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है, जिससे स्कूली बच्चों, गर्भवती महिलाओं, गंभीर मरीजों और ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई, इसलिए इस सड़क के तत्काल नवनिर्माण और उच्चीकरण की आवश्यकता है।
एमएलसी शाह आलम (गुड्डू जमाली) ने सदन के माध्यम से सरकार से मांग की कि गन्ना फसल का पुनः सर्वे कराया जाए, सठियांव चीनी मिल में किसानों की समस्याओं का समाधान किया जाए तथा जर्जर सड़क का शीघ्र निर्माण कराया जाए। इस पर संबंधित मंत्री ने सदन में आश्वासन दिया कि पूरे मामले का दोबारा निरीक्षण कराकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



