आजमगढ़ के पूर्व सैनिक की पिस्टल से बाबतपुर एयरपोर्ट पर चली गोली, महिला समेत दो सुरक्षा कर्मी घायल
A former soldier from Azamgarh fired a pistol at Babatpur airport, injuring two security personnel, including a woman.
वाराणसी के बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार सुबह लाइसेंसी पिस्टल की जांच के दौरान अचानक गोली चल गई। हादसे में एयरपोर्ट की सुरक्षा एजेंसी के दो कर्मचारी घायल हो गए। इनमें 27 वर्षीय महिला कर्मचारी सुमन के दाहिने पैर और कमर के निचले हिस्से में छर्रे लगे हैं, जबकि एक अन्य कर्मचारी के दाहिने हाथ में गोली लगी है। दोनों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।मिली जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ निवासी पूर्व सैनिक कमलेश राय अपनी पत्नी के साथ एयर इंडिया की फ्लाइट से मुंबई जा रहे थे। उन्होंने नियमों के तहत अपनी लाइसेंसी पिस्टल को मुंबई एयरपोर्ट तक पहुंचाने के लिए ऑनलाइन बुकिंग कराई थी। रविवार सुबह करीब 9:30 बजे टर्मिनल भवन में हथियार की जांच और राउंड की गिनती की जा रही थी। इसी दौरान पिस्टल से अचानक एक राउंड फायर हो गया।एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक, पिस्टल लोडेड थी। फायर होने के बाद गोली फर्श से टकराकर वहां जांच कर रही महिला कर्मचारी सुमन को जा लगी। गोली उनके दाहिने पैर में लगी, जबकि पास खड़े एक अन्य कर्मचारी के हाथ में भी गोली लग गई। गोली चलने की आवाज से टर्मिनल भवन में अफरातफरी मच गई। सीआईएसएफ और पुलिस के जवान तत्काल मौके पर पहुंचे।दोनों घायलों को सतोमहुआ स्थित न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एयरपोर्ट पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
क्या बोले एयरपोर्ट निदेशक
एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि रविवार सुबह करीब 9:30 बजे मुंबई जाने वाली फ्लाइट IX-1810 के एक यात्री ने हथियार को साथ ले जाने के लिए नियमानुसार घोषित किया था। हथियार की जांच के दौरान यात्री से एक राउंड फायर हो गया, जिससे दो AAICLAS स्क्रीनर्स घायल हुए। दोनों को उपचार के लिए सतोमहुआ न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। पुलिस को सूचना दे दी गई है और मामले की जांच जारी है।
डीसीपी ने क्या बताया
डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान ने बताया कि यात्री अपने साथ लाइसेंसी पिस्टल लेकर आया था। चेकिंग के दौरान पिस्टल की जांच और राउंड की गिनती की जा रही थी। इसी दौरान अचानक फायर हो गया। फायर से निकला राउंड चेकिंग कर रही महिला कर्मचारी के पैर और पास खड़े एक अन्य कर्मचारी के अंगूठे में लगा, जिससे दोनों घायल हो गए।पुलिस ने यात्री को पूछताछ के लिए अपने कब्जे में लिया है। घटना के कारणों और हथियार से गोली चलने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।



