Azamgarh News:मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई
आठ खाद्य पदार्थों के नमूने लिए, 250 किलो अस्वच्छ मिठाई जब्त कर नष्ट कराई
आजमगढ़, 22 अगस्त। श्रावण मास और आगामी रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए आमजन को सुरक्षित, शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को विभागीय टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर आठ खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रामपुर मुसेपुर स्थित मिठाई निर्माण इकाई पर छापा मारकर डोडा बर्फी, मिल्क केक, सूजी और एक अपमिश्रक के नमूने लिए। निरीक्षण के दौरान अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार करीब 250 किलोग्राम मिठाई, जिसकी अनुमानित कीमत 62,500 रुपये बताई गई, जब्त कर मौके पर नष्ट करा दी गई।
इसी क्रम में बूढ़नपुर स्थित दो मिठाई प्रतिष्ठानों से छेना मिठाई और कालाजाम के नमूने लिए गए। गंभीरपुर क्षेत्र से रिफाइंड सोयाबीन ऑयल तथा सगड़ी क्षेत्र से दूध का नमूना भी संग्रहित किया गया। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
सचल प्रयोगशाला से विद्यार्थियों और रसोइयों को किया जागरूक
छापेमारी के साथ विभाग की ओर से खाद्य सुरक्षा को लेकर जनजागरूकता अभियान भी चलाया गया। खाद्य सचल प्रयोगशाला के माध्यम से इंग्लिश मीडियम प्राइमरी स्कूल कंधरापुर, कंपोजिट विद्यालय गोरिया बिलरियागंज तथा प्राथमिक विद्यालय अमौड़ा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस दौरान विद्यालयों की रसोइयों और विद्यार्थियों को खाद्य पदार्थों की शुद्धता, साफ-सफाई, सुरक्षित भंडारण तथा मिलावट से बचाव के संबंध में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पहचानने और स्वच्छता के प्रति सजग रहने के लिए भी प्रेरित किया गया।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II आजमगढ़ सुशील कुमार मिश्र ने बताया कि श्रावण मास एवं रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों का भंडारण एवं विक्रय खुले या अस्वच्छ स्थानों पर न करने तथा निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ विभाग नियमानुसार सख्त कार्रवाई करेगा।
अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रजनीश कुमार, सुचित प्रसाद, शीत कुमार सिंह, लालमणि यादव, गोविन्द यादव, वीरेन्द्र यादव, राजीव कुमार सिंह एवं बेबी सोनम शामिल रहे। विभाग की कार्रवाई से जहां खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मचा है, वहीं सचल प्रयोगशाला के माध्यम से चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रम से विद्यार्थियों और आमजन को सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।



