Azamgarh News:भावुक गीतों के बीच आरएम मनोज कुमार बाजपेई और (एस एम) एस.के. सेठ को दी गई भावभीनी विदाई

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

भावुक गीतों के बीच आरएम मनोज कुमार बाजपेई और (एस एम) एस.के. सेठ को दी गई भावभीनी विदाई

यूनियन अध्यक्ष प्रवेश सिंह ने रखे आत्मीय विचार, गायक विजय सिंह बाबा की टीम ने गीतों से बांधा समां—नम हुईं सैकड़ों आंखें

आजमगढ़ जनपद के उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार बाजपेई एवं एसएम पद पर कार्यरत एसके सेठ के सेवानिवृत्त होने पर सोमवार की शाम आर एम कार्यालय के सभागार में भावभीनी विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में परिवहन निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों और यूनियन के पदाधिकारियों ने दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों को माला, अंगवस्त्रम, रामायण, छड़ी,घड़ी एवं बुके इत्यादि समान भेंट कर उनके सुखद, स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता आजमगढ़ डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक अजय कुमार सिंह ने की, जबकि मंच का प्रभावी एवं बेहतरीन संचालन दिलीप तिवारी ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार बाजपेई ने अपनी पत्नी के साथ दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों का स्वागत किया।
विजय सिंह बाबा के गीतों ने बांधा ऐसा समां, नम हो गईं आंखें
विदाई समारोह का सबसे भावुक और यादगार क्षण उस समय आया, जब परिवहन निगम में परिचालक के पद पर कार्यरत गायक कलाकार विजय सिंह बाबा ने अपनी म्यूजिशियन टीम के सदस्य रवि, पीयूष और मनोज के साथ गीतों की प्रस्तुति शुरू की।
विजय सिंह बाबा की टीम ने सबसे पहले स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इसके बाद ‘मैं सेहरा बांध के आऊंगा, मेरा वादा है’ जैसे गीतों ने माहौल को खुशनुमा बनाया। लेकिन जैसे-जैसे विदाई समारोह अपने भावुक पड़ाव की ओर बढ़ा, ‘याद, याद बस रह जाती है’ और ‘जाने वाले ओ जाने वाले, किया मैंने तुझको खुदा के हवाले’ जैसे गीतों ने वहां मौजूद हर व्यक्ति को भावुक कर दिया।
गीतों के शब्द जैसे ही सेवानिवृत्त हो रहे अधिकारियों के वर्षों के सेवाकाल और साथियों से बिछड़ने के भाव से जुड़े, समारोह में मौजूद कई लोगों की आंखें नम हो गईं।
समारोह में यूनियन अध्यक्ष प्रवेश सिंह ने भी अपने आत्मीय संबोधन से सभी का ध्यान खींचा। उन्होंने कहा कि नौकरी में नियुक्ति होती है तो एक दिन सेवानिवृत्ति भी निश्चित होती है, लेकिन कुछ अधिकारी अपने व्यवहार, कार्यशैली और सरल स्वभाव के कारण कर्मचारियों के दिल में हमेशा के लिए जगह बना लेते हैं।
उन्होंने कहा कि मनोज कुमार बाजपेई फरवरी 2023 में आजमगढ़ क्षेत्रीय प्रबंधक के रूप में आए थे और लगभग तीन वर्ष सात महीने के कार्यकाल में उन्होंने कर्मचारियों के साथ बेहद आत्मीय व्यवहार रखा। उनके कार्यकाल में विभाग को आगे बढ़ाने के लिए किए गए प्रयासों को लंबे समय तक याद किया जाएगा।
वक्ताओं ने कहा कि मनोज कुमार बाजपेई के पास कोई कर्मचारी, संगठन का अध्यक्ष, उपाध्यक्ष अथवा मंत्री किसी समस्या को लेकर गर्म मिजाज में भी पहुंचता था, लेकिन उनके सरल और शांत स्वभाव के कारण वह व्यक्ति संतुष्ट होकर ही बाहर निकलता था। कहा गया कि उनके भीतर ऐसी शालीनता थी कि सामने वाला व्यक्ति बाहर निकलते समय गुस्सा भूलकर संतुष्टि का भाव लेकर जाता था।
समारोह में वक्ताओं ने सेवानिवृत्त क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार बाजपेई के व्यक्तित्व की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि वह सरलता, सज्जनता और विद्वता से परिपूर्ण व्यक्तित्व के धनी हैं। मूल रूप से लखनऊ के रहने वाले मनोज कुमार बाजपेई ने अपने सेवाकाल में विभागीय जिम्मेदारियों को पूरी गंभीरता के साथ निभाया।
वक्ताओं ने उनके पारिवारिक जीवन का उल्लेख करते हुए बताया कि उनका परिवार संस्कारों और शिक्षा से परिपूर्ण है। उनका एक बेटा सीबीआई में कार्यरत है, एक बेटी केजीएमयू से मेडिकल की पढ़ाई कर रही है, जबकि दूसरा बेटा बैंक में कार्यरत है।
विदाई समारोह में मनोज कुमार बाजपेई की पत्नी, दोनों बेटे और बेटी भी मौजूद रहे। अपने परिवार और वर्षों तक साथ काम करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के बीच विदाई लेते समय मनोज कुमार बाजपेई भावुक नजर आए। वहीं, कर्मचारियों ने भी उन्हें नई पारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति नौकरी से होती है, रिश्तों और यादों से नहीं।
समारोह में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बारी-बारी से अपने विचार व्यक्त किए और मनोज कुमार बाजपेई एवं एसके सेठ के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
इस अवसर पर एआरएम डॉ. अंबेडकर डिपो हरिओम श्रीवास्तव, एआरएम बलिया महेश कुमार, एआरएम मऊ, एआरएम शाहगंज, एआरएम दोहरीघाट सहित परिवहन निगम के विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे। यूनियन की ओर से अध्यक्ष प्रवेश सिंह, पवन कुमार, नसीरुद्दीन सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी समारोह में शामिल हुए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button